New Delhi News (13 नवंबर 2026): छठ महापर्व के मद्देनजर दिल्ली में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 15 और 16 नवंबर को पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और निर्धारित तारीखों पर प्रभावित मार्गों का इस्तेमाल करने से बचें, ताकि श्रद्धालुओं को छठ घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो और आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित न हो।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 15 और 16 नवंबर को शास्त्री पार्क से खजूरी चौक तक पुस्ता रोड के दोनों तरफ, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक और शांति वन से श्मशान घाट तक के मार्गों पर जाने से बचना चाहिए। इन सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए विशेष व्यवस्था की जाएगी। वैकल्पिक मार्ग के रूप में उत्तरी, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए सोनिया विहार चौहान पट्टी की ओर जाया जा सकता है। स्थानीय निवासियों को आवाजाही के लिए रोड नंबर-66 का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एसडीएम ऑफिस यू-टर्न से भी ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार डायवर्जन लेकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर विशेष पार्किंग की व्यवस्था की है। इनमें डीएनडी के पास यमुना खादर, ओपन डीडीए ग्राउंड, वेस्ट विनोद नगर स्थित आईपी एक्सटेंशन का ओपन ग्राउंड और खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास निर्धारित स्थान शामिल हैं। सोनिया विहार के स्थानीय निवासी दूसरे, 3.5 और 4.5 पुस्ता के पास खाली यमुना भूमि पर वाहन पार्क कर सकेंगे। इसके अलावा नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, यमुना खादर, पुराने लोहे के पुल के पास गौशाला के नजदीक ओपन ग्राउंड, नंद नगरी के बी-1 और बी-2 ब्लॉक स्थित छठ पार्क, मंडोली टीला छठ घाट, पुस्ता रोड एनएचएआई पार्किंग और साईं भवन एमसीडी पार्किंग में भी वाहन खड़े करने की सुविधा रहेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे, नो-पार्किंग जोन या किसी भी प्रतिबंधित स्थान पर वाहन खड़ा न करें। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही में भी परेशानी हो सकती है। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।