यमुना में केमिकल छिड़कने की खबरों पर दिल्ली सरकार सख्त, FIR दर्ज करने की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13 नवंबर 2026): छठ महापर्व से पहले यमुना नदी में केमिकल छिड़कने को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों के मामले में दिल्ली सरकार का सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सख्त हो गया है। विभाग ने इस तरह की सूचनाओं को भ्रामक और फर्जी बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सिविल डिवीजन-IV के कार्यकारी अभियंता सोमनाथ कश्यप ने थाना सोनिया विहार के एसएचओ को आधिकारिक पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। 12 नवंबर 2026 को जारी इस पत्र में सोशल मीडिया पर यमुना नदी में केमिकल का छिड़काव किए जाने और इससे जलीय जीवों को नुकसान पहुंचने संबंधी दावों की जांच कराने की मांग की गई है।

विभाग की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 15 और 16 नवंबर को यमुना किनारे छठ महापर्व मनाया जाना है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचने की संभावना है। इसी बीच कुछ अज्ञात लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी प्रसारित कर रहे हैं कि यमुना नदी में केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे जलीय जीवन प्रभावित हो रहा है। विभाग ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए आशंका जताई है कि ऐसी सूचनाएं जानबूझकर लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम पैदा करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि इससे दिल्ली सरकार की छवि खराब होने के साथ-साथ छठ जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व से पहले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो सकती हैं।

कार्यकारी अभियंता सोमनाथ कश्यप ने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने, सोशल मीडिया पर ऐसी भ्रामक जानकारी फैलाने वाले लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही पुलिस से सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है। विभाग ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और इस दौरान किसी भी तरह की अफवाह से बचाव जरूरी है। पत्र की प्रतिलिपि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और करावल नगर के एसडीएम को भी आवश्यक जानकारी एवं कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

गौरतलब है कि छठ महापर्व दिल्ली में बड़े स्तर पर मनाया जाता है और यमुना किनारे बने घाटों पर हजारों श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में त्योहार से ठीक पहले यमुना में केमिकल छिड़काव को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। हालांकि, विभाग ने अपने पत्र में इन दावों को फर्जी और भ्रामक बताया है, लेकिन मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस जांच की मांग की है। अब देखना होगा कि दिल्ली पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों की पहचान कब तक हो पाती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।