MCD सदन में तोड़फोड़ पर कार्रवाई का LoP अंकुश नारंग ने क्यों किया स्वागत

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13 नवंबर 2026): दिल्ली नगर निगम (MCD) सदन में हुई तोड़फोड़ को लेकर पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई करने के मेयर प्रवेश वाही के फैसले का आम आदमी पार्टी ने स्वागत किया है। हालांकि, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि इसकी शुरुआत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह से होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनवरी 2023 में एमसीडी के पहले सदन के दौरान तत्कालीन पार्षद रेखा गुप्ता ने दो माइक तोड़े थे, जिसका वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है। नारंग ने कहा कि यदि सदन में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और नुकसान की भरपाई की कार्रवाई होनी है तो सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नेताओं पर कार्रवाई के बाद यदि उनके खिलाफ भी कार्रवाई होती है तो आम आदमी पार्टी इसके लिए तैयार है।

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अंकुश नारंग ने बताया कि 22 अक्टूबर को एमसीडी सदन में हुई तोड़फोड़ के मामले में मेयर प्रवेश वाही, निगम आयुक्त और म्युनिसिपल सेक्रेटरी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कोड ऑफ कंडक्ट कमेटी की बैठक में तोड़फोड़ से संबंधित रिपोर्ट आने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ नुकसान की भरपाई करने की बात सामने आई है। हालांकि, नारंग ने सवाल उठाया कि 22 अक्टूबर से अब तक कमेटी की कोई बैठक नहीं हुई तो कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्ट कैसे तैयार हो गई? उन्होंने मेयर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी पत्र को आगे भेजने से पहले उसकी वैधता और प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए। नारंग ने आरोप लगाया कि एमसीडी में कार्रवाई का पैमाना राजनीतिक दल और व्यक्ति देखकर तय किया जा रहा है।

अंकुश नारंग ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वर्तमान दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह पर भी सदन में तोड़फोड़ के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं के कार्यकाल के दौरान कई बार माइक तोड़े गए और सदन के भीतर स्पीकर ले जाकर नाचने का वीडियो भी मौजूद है। नारंग ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र के मंदिर का मजाक बनाया है। उन्होंने एमसीडी को भाजपा की ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ बताते हुए कहा कि मेयर को पहले रेखा गुप्ता और राजा इकबाल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर नुकसान की भरपाई करानी चाहिए, इसके बाद आम आदमी पार्टी के पार्षदों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि कार्रवाई में किसी तरह का दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए और निगम को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए।

प्रेसवार्ता के दौरान नारंग ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राजधानी में एक्यूआई का स्तर लगातार 500 के पार बना हुआ है और दीपावली के दिन पटेल नगर में एक्यूआई 1870 तक पहुंच गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने दिल्ली को दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में पहुंचा दिया है। नारंग ने कहा कि जहरीली हवा के कारण दिल्लीवासियों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है और लोग अनचाहे में प्रतिदिन औसतन 26 सिगरेट के बराबर प्रदूषण का सामना कर रहे हैं। उनके मुताबिक, प्रदूषण के चलते लोगों को हृदय और सांस संबंधी बीमारियों, अस्थमा, खांसी तथा छींक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले प्रदूषण खत्म करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।

वहीं, यमुना नदी की सफाई के मुद्दे पर भी अंकुश नारंग ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यमुना की वास्तविक सफाई पर ध्यान देने के बजाय फोटो खिंचवाने और प्रचार पर अधिक जोर दे रही है। नारंग ने सोनिया विहार में क्रूज चलाने की योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस क्षेत्र में यमुना का पानी पहले से अपेक्षाकृत साफ रहा है, जबकि नदी के अन्य हिस्सों में सफाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब प्रदूषण की बात होती है तो भाजपा दूसरे मुद्दे उठाने लगती है और यमुना की सफाई के बजाय क्रूज परियोजना की चर्चा की जाती है। नारंग ने भाजपा सरकार से फोटोबाजी छोड़कर जमीन पर उतरने और दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा करने की मांग की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।