IITF 2026: मेले में 32 राज्यों और 11 देशों की होगी भागीदारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 November 2026): राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF 2026) का आयोजन 14 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसके तहत भारत की आर्थिक प्रगति, सांस्कृतिक विरासत, व्यापार और आधुनिक तकनीक की झलक देखने को मिलेगी। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) की ओर से आयोजित इस मेले में 3500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। कुल 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 11 देशों की भागीदारी इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास बनाएगी। मेले का उद्घाटन 13 नवंबर को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देगा।

इस वर्ष व्यापार मेले में 17 हॉल के अंदर एक लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भागीदारी रहेगी। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट बनाया गया है, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस स्टेट के रूप में अपनी उपलब्धियों और उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश सहित 11 देशों के उत्पाद और व्यापारिक अवसर देखने को मिलेंगे। वहीं, हॉल नंबर 14 में तैयार किए गए हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में लगभग 600 भारतीय स्टार्टअप अपने नवाचार और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। इनमें डीप टेक, एग्री टेक, ड्रोन, स्पेस टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर और एजुकेशन टेक्नोलॉजी से जुड़े स्टार्टअप शामिल होंगे।

मेले में देश के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पवेलियन भी विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें 21 राज्यों के हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद, व्यंजन और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे छोटे कारोबारियों और कारीगरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके। बच्चों और परिवारों के लिए Playverse@Mandapam के माध्यम से मनोरंजन के साथ शिक्षा से जुड़ा इंटरैक्टिव डिजिटल अनुभव भी उपलब्ध कराया जाएगा। व्यापार मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। सात अलग-अलग स्थानों पर कुल 87 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी, जिनमें शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत और नृत्य शामिल हैं। मंगनियार सेडक्शन, तल फ्राय, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व, शहजाद अली, सलीम-सुलेमान और नाइजीरिया के कलाकारों की भागीदारी वाला रूहानियत प्रमुख आकर्षण होंगे। इन कार्यक्रमों के टिकट BookMyShow पर उपलब्ध होंगे, जबकि 19 राज्यों और संस्थाओं की अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मेले के प्रवेश टिकट के साथ निशुल्क देखी जा सकेंगी।

IITF 2026 में आने वाले लोगों के लिए खानपान और सुविधाओं का भी विशेष इंतजाम किया गया है। भारत मंडपम में 90 से अधिक फूड आउटलेट वाला फूड कोर्ट तैयार किया जाएगा, जहां देशी और विदेशी व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा। खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता, जीरो वेस्ट और प्लास्टिक के कम इस्तेमाल पर जोर रहेगा। मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज होंगे, जिनमें मुख्य रूप से B2B विजिटर्स को प्रवेश मिलेगा। आम लोगों के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुलेगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक निर्धारित है, जबकि आम लोगों को शाम 5:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा। ऑनलाइन टिकट आधिकारिक वेबसाइट booking.indiatradefair.com से और ऑफलाइन टिकट दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों से खरीदे जा सकेंगे। प्रवेश के लिए गेट नंबर 3 और 4 (भैरों रोड) तथा गेट नंबर 6 और 10 (मथुरा रोड) निर्धारित किए गए हैं। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सामान्य दिनों में वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर निशुल्क प्रवेश मिलेगा।

आगंतुकों की सुविधा के लिए ITPO ने परिवहन, सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की है। IITF 2026 के आधिकारिक मोबाइल ऐप पर टिकट बुकिंग, रजिस्ट्रेशन, इंटरैक्टिव वेन्यू मैप, प्रदर्शकों एवं पवेलियन की जानकारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर और बिजनेस नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दिल्ली मेट्रो के साथ समन्वय कर शटल सर्विस, कैब और ऑटो पिकअप पॉइंट, पार्किंग तथा व्हीलचेयर सहायता की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा मीडिया लाउंज, VIP प्रोटोकॉल लाउंज, मेडिकल सेंटर, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। कुल मिलाकर, ‘विकास और विरासत’ की थीम पर आयोजित होने वाला यह व्यापार मेला देश के व्यापार, निवेश, स्टार्टअप, हस्तशिल्प, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने का बड़ा अवसर बनेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।