New Delhi News (14 नवंबर 2026): राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को 14 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन किया। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसके माध्यम से भारत की आर्थिक प्रगति, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में भारत और विदेशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के अलावा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री, आईटीपीओ के चेयरमैन जावेद अशरफ और पद्मश्री सम्मानित प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना गुरु माधवी मुद्गल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण गुरु माधवी मुद्गल और उनकी मंडली की ओडिसी नृत्य प्रस्तुति रही, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। पीयूष गोयल ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य और सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि देश का विकास उसकी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान के संरक्षण के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर केवल व्यापार का मंच नहीं, बल्कि भारत की उद्यमशीलता, कला, संस्कृति और आर्थिक क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इस अवसर पर पीयूष गोयल ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा लक्ष्य भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक, जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, भारत को लगभग 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने युवा आबादी, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, एमएसएमई, कारीगरों और कारोबारियों को इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बताया। मंत्री के अनुसार, अक्टूबर में भारत का कुल निर्यात, जिसमें वस्तुओं और सेवाओं दोनों का निर्यात शामिल है, लगभग 90 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष में देश ने 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने भारतीय कंपनियों और निर्यातकों से मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का अधिकतम लाभ उठाने तथा ‘जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट’ के सिद्धांत पर वैश्विक गुणवत्ता और टिकाऊ विनिर्माण को अपनाने की अपील की।
इस बार IITF 2026 में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 51 केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, संगठनों और सार्वजनिक उपक्रमों की भागीदारी है। मेला 17 हॉल में एक लाख वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। इसका प्रमुख आकर्षण ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ होगा, जहां लगभग 600 स्टार्टअप अपने नवाचार, आधुनिक तकनीक और डीप-टेक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा ओडीओपी पवेलियन में 21 राज्यों के विशिष्ट उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल को फोकस स्टेट बनाया गया है। मेले में 11 देशों की भागीदारी के साथ लगभग 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। वहीं, आगंतुकों के मनोरंजन और खानपान के लिए इंटरैक्टिव डिजिटल अनुभव, बच्चों के लिए प्ले जोन और करीब 90 फूड आउटलेट की व्यवस्था की गई है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किए, चीन, श्रीलंका, बांग्लादेश और ट्यूनीशिया सहित 11 देश अपने उत्पादों और व्यावसायिक संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। आईटीपीओ के चेयरमैन जावेद अशरफ ने कहा कि साढ़े चार दशकों में IITF भारत की आर्थिक और सांस्कृतिक विविधता का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। आगंतुकों की सुविधा के लिए IITF 2026 मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से प्रदर्शकों, पवेलियन, कार्यक्रमों और उत्पादों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। मेले के टिकट ऑनलाइन और दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों पर उपलब्ध हैं। आयोजकों ने लोगों से भारत मंडपम पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। यह मेला 27 नवंबर तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।