नोएडा में तीन दिन गूंजेगी श्रीराम की गाथा, डॉ. कुमार विश्वास के ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम की भव्य तैयारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (12/11/2026): भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा में पहली बार भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 13, 14 और 15 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें विश्वविख्यात रामकथा मर्मज्ञ, कवि एवं वक्ता डॉ. कुमार विश्वास अपनी विशिष्ट शैली में भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन और उनके आदर्शों की व्याख्या करेंगे।
इस विशेष आयोजन का संचालन उद्यमी, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी मुकेश शर्मा के सौजन्य से किया जा रहा है। आयोजन के पीछे उद्देश्य केवल एक धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के विचारों, जीवन मूल्यों और आदर्शों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना भी है।
कार्यक्रम को लेकर मुकेश शर्मा ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि नोएडा उनके जीवन और कार्यक्षेत्र की यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। इसी शहर से शुरू हुए उनके सफर ने उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए और हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने में योगदान दिया। ऐसे में नोएडा के प्रति आभार व्यक्त करने और शहर को कुछ सार्थक देने की भावना से इस आयोजन की परिकल्पना की गई है।
उन्होंने अपनी सामाजिक और शैक्षणिक सोच पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रमीश स्कूल के माध्यम से उनका प्रयास बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के उद्यमी, खेलों के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी और समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाना है। उनका मानना है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना होना चाहिए।
‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम इसी व्यापक सोच का विस्तार माना जा रहा है, जहां रामकथा के माध्यम से जीवन के उन मूल्यों पर चर्चा होगी, जो आज के आधुनिक समाज में भी प्रासंगिक हैं। डॉ. कुमार विश्वास अपनी प्रभावशाली वाणी, काव्यात्मक अभिव्यक्ति और विशिष्ट प्रस्तुति शैली के जरिए भगवान श्रीराम के चरित्र, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और जीवन दर्शन को श्रोताओं के सामने रखेंगे।
आयोजकों को उम्मीद है कि तीन दिनों तक चलने वाला यह कार्यक्रम नोएडा के लोगों के लिए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक रूप से एक विशेष अनुभव साबित होगा। इस आयोजन के माध्यम से शहरवासियों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।