Noida News (12/11/2026): उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार SUV अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मल्टीनेशनल कंपनी बार्कलेज में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी और दो मासूम बेटों की जान चली गई। परिवार नोएडा से प्रयागराज जा रहा था।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय सौरभ उपाध्याय, 35 वर्षीय पत्नी मेनका उपाध्याय, 7 वर्षीय बेटे व्योम और डेढ़ साल के शिवओम के रूप में हुई है। सौरभ मूल रूप से प्रयागराज के मुंडेरा क्षेत्र के रहने वाले थे और पिछले करीब पांच वर्षों से नोएडा में रह रहे थे। परिवार भाई दूज और छठ पूजा मनाने के लिए अपने घर जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12 बजे सांडी थाना क्षेत्र में भटौली माफी गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 317 पर हुआ। बताया जा रहा है कि SUV तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 30 मीटर तक डिवाइडर पर घिसटती चली गई और उसके कई हिस्से सड़क पर बिखर गए। हादसे में सौरभ और मेनका की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के दौरान पीछे बैठा सात वर्षीय व्योम कार का शीशा टूटने से उछलकर करीब 20 फीट नीचे अंडरपास में जा गिरा। उसे सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, डेढ़ साल के शिवओम को गंभीर हालत में बिलग्राम सीएचसी पहुंचाया गया। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद एंबुलेंस पहुंचने में देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। बताया गया कि शिवओम को बिलग्राम सीएचसी से मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए करीब एक घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद स्थानीय भाजपा नेत्री दीपा विश्वास ने अपनी कार से बच्चे को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।