New Delhi News (09 November 2026): राजधानी दिल्ली में दिवाली के दौरान आतिशबाजी और पटाखों के बीच आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की जारी आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को दिवाली के दिन दमकल विभाग को कुल 257 कॉल मिलीं, जिनमें 214 आग लगने से संबंधित थीं। इनमें 24 कॉल पटाखों से आग लगने की थीं। इसके अलावा 17 पशु बचाव, 7 पक्षी बचाव, 5 मानव बचाव, एक सड़क दुर्घटना, एक इमारत ढहने और 9 विशेष कार्यों से जुड़ी कॉल शामिल थीं। दमकल विभाग के आंकड़े बताते हैं कि दिवाली पर आग से जुड़ी घटनाओं का दबाव सबसे ज्यादा रात के समय रहा।
समय के हिसाब से देखें तो रात 8 बजे से 10 बजे के बीच दमकल विभाग को सबसे ज्यादा 85 कॉल मिलीं, जिनमें 84 आग से संबंधित थीं और 8 पटाखों से लगी आग की थीं। वहीं रात 10 बजे से 11 बजकर 59 मिनट तक 61 कॉल आईं, जिनमें 60 आग की घटनाओं से जुड़ी थीं और 10 पटाखों के कारण लगी आग की थीं। शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच भी 32 कॉल दर्ज की गईं। यानी आतिशबाजी के चरम समय में दमकल विभाग को लगातार घटनास्थलों पर पहुंचना पड़ा।
दमकल विभाग की रिपोर्ट में दिवाली की रात और उसके बाद सुबह तक कुल 281 कॉल दर्ज होने का भी उल्लेख है। 8 नवंबर को शाम 6 बजे से रात 11:59 बजे तक 178 कॉल आईं, जबकि 9 नवंबर को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक 103 कॉल दर्ज की गईं। इस दौरान नांगली सकरावती में दो फैक्ट्रियों में आग की बड़ी घटना सामने आई, जिसे मीडियम फायर श्रेणी में रखा गया। इसके अलावा नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री, सफदरजंग फ्लाईओवर के नीचे NDMC गोदाम, पूठ कलां के बैंक्वेट हॉल, IP एक्सटेंशन के सरस्वती अपार्टमेंट, करावल नगर की फैक्ट्री और शाहदरा के छोटा बाजार में भी आग लगने की घटनाएं हुईं।
इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि छह लोग गैर-घातक रूप से घायल हुए। आग बुझाने के दौरान दिल्ली फायर सर्विस के पांच कर्मचारी भी घायल हुए। इनमें STO नवीन ठाकरन के दाहिने हाथ में जलने की चोट आई, SO सीताराम का हाथ फ्रैक्चर हुआ, फायरकर्मी दीपक के दाहिने हाथ में कांच से कट लगा, जबकि मंजीत के पैर और मनोज के घुटने में चोट आई। साल-दर-साल आंकड़ों पर नजर डालें तो 2026 में दिवाली पर कुल 257 कॉल दर्ज हुईं, जबकि 2025 में 269, 2024 में 318 और 2023 में 208 कॉल आई थीं। वहीं, 12 घंटे की पीक अवधि में 2026 में 281 कॉल दर्ज हुईं, जबकि 2025 में 283 और 2024 में 320 कॉल थीं। इन आंकड़ों से साफ है कि दिवाली की रात दमकल विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण रही और आग की घटनाओं से निपटने के लिए पूरी रात मोर्चा संभालना पड़ा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।