दिल्ली में दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, हाथ में पटाखा फटने से मासूम की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 November 2026): राजधानी दिल्ली में दिवाली की रात पटाखा जलाना एक 10 वर्षीय बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुआ। बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में रविवार रात अनार पटाखा जलाते समय हुए दर्दनाक हादसे में बच्चे की मौत हो गई। त्योहार की खुशियां मना रहे परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब पटाखा अचानक बच्चे के हाथ में ही फट गया। हादसे में बच्चे की छाती पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 9:45 बजे की है। बच्चा अपने घर के सामने हाथ में पकड़कर अनार पटाखा जला रहा था। इसी दौरान पटाखा अचानक फट गया और उसकी छाती में गंभीर चोट लग गई। धमाके के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई। जिस घर में कुछ देर पहले दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा था, वहां मातम छा गया। मासूम को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रात करीब 10:50 बजे अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को बच्चे की मौत की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दिवाली की रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पटाखे जलाते समय बरती जाने वाली लापरवाही के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है। एक छोटी सी चूक ने परिवार की त्योहार की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।