चावड़ी बाजार इमारत हादसा: फरीदाबाद से तीन ठेकेदार गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 November 2026): दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित शीश महल गली में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हादसे के सिलसिले में तीन ठेकेदारों को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को फरीदाबाद जिले की तहसील दौज के गांव सिरोही से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फरकान के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तारी की गई है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजवीर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और उनके पते की पुष्टि कर ली गई है। सिराज अजमेरी गेट की गली सितारा, ताजुद्दीन भी गली सितारा और फरकान शाहगंज चौक की गली नाल वाली का रहने वाला है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माणाधीन इमारत में उनकी क्या भूमिका थी और निर्माण कार्य की जिम्मेदारी किसके पास थी। गिरफ्तारी के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, पांच नवंबर की सुबह करीब 9:48 बजे चावड़ी बाजार के शीश महल इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई थी। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा और नगर निगम (MCD) की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की गई।

इस हादसे में अब तक चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें दो लोगों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय किशोरी और 45 वर्षीय संजीत के रूप में हुई है। दोनों मंडावली की रेलवे कॉलोनी के रहने वाले थे। वहीं, घायलों की पहचान 25 वर्षीय सहदेव चौधरी और 37 वर्षीय फिरोज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। हादसे के बाद से ही राहत एवं बचाव कार्य के साथ मामले की जांच जारी है।

पुलिस अब इमारत के मालिकों और ठेकेदारों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि निर्माण कार्य किसकी निगरानी में चल रहा था, सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और इमारत गिरने के पीछे क्या वजह रही। इसके साथ ही प्रत्येक आरोपी की जिम्मेदारी और लापरवाही से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। तीन ठेकेदारों की गिरफ्तारी को इस मामले में पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है। इस हादसे ने पुरानी दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाकों में निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।