New Delhi News (06 November 2026): दिल्ली-एनसीआर में जहरीली हवा का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार, 6 नवंबर को राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया, जिससे लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 7 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 389 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। वहीं, सुबह 6 बजे के आंकड़ों में दिल्ली के नौ इलाकों का प्रदूषण स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर देखने को मिली।
प्रदूषण के मामले में रोहिणी सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका रहा, जहां AQI 473 दर्ज किया गया। इसके अलावा पंजाबी बाग में 464, आरके पुरम में 441, अलीपुर और सोनिया विहार में 435-435, ओखला फेज-2 में 426, नॉर्थ कैंपस में 424, आईटीओ में 420 और नजफगढ़ में 412 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं पूसा में AQI 393, चांदनी चौक में 386, आनंद विहार में 350 और लोधी रोड में 306 दर्ज हुआ। आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर लोगों के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है।
दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गुरुग्राम की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा में AQI 313 दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में भी प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में रहा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण की इस स्थिति ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दी बढ़ने के साथ हवा में प्रदूषक तत्वों के जमा होने की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
AQI के 400 के पार पहुंचने का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है। इस स्तर के प्रदूषण में स्वस्थ लोगों को भी सूखी खांसी, गले में खराश, गला सूखने और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। थोड़ी शारीरिक गतिविधि करने या सीढ़ियां चढ़ने पर भी सांस फूलने की शिकायत सामने आ सकती है। पहले से सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए ऐसी हवा और ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकती है। CPCB के मानकों के अनुसार, AQI 0 से 50 अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है।
बढ़ते प्रदूषण के बीच लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और शाम के समय खुले में टहलने तथा व्यायाम करने से बचने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनने की सलाह दी गई है। घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने के साथ-साथ लगातार खांसी, सीने में जकड़न या सांस फूलने जैसी परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। राजधानी में GRAP की पाबंदियां लागू होने के बावजूद प्रदूषण का स्तर गंभीर बना हुआ है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में साफ हवा की चुनौती लगातार गहराती जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।