दिल्ली के गफ्फार मार्केट में भीषण आग, 40-45 दुकानें जलकर हुई खाक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 November 2026): दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में गुरुवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में आसपास की करीब 40 से 45 दुकानें आ गईं। घटना की सूचना रात करीब 1:30 बजे दिल्ली फायर सर्विस को मिली, जिसके बाद शुरुआत में चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए इसे बाद में मध्यम श्रेणी की आग घोषित किया गया। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर मुकेश वर्मा के मुताबिक, आग की शुरुआत बैटरी का कारोबार करने वाली एक दुकान से हुई थी और धीरे-धीरे यह ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आग बुझाने के लिए कुल 27 दमकल गाड़ियों और करीब 125 दमकल कर्मियों को तैनात किया गया। संकरी गलियों और दुकानों में बड़ी मात्रा में रखे ज्वलनशील सामान के कारण राहत और बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, दमकल विभाग की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोकने और उसे बुझाने में सफलता हासिल की।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी की जान जाने या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे में केवल संपत्ति का नुकसान हुआ है। शुरुआती जांच में बैटरियों के अत्यधिक गर्म होने या ओवरचार्जिंग को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से रिपोर्ट मांगी जाएगी। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम भी इमारत का निरीक्षण करेगी, ताकि वहां मौजूद किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ की पहचान की जा सके।

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर कुछ दुकानों में अग्निशामक यंत्र तो लगे हुए थे, लेकिन इस तरह की इमारत के लिए जरूरी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी। त्योहारों के सीजन के चलते दुकानों में सामान की मात्रा भी काफी अधिक थी, जिससे आग बुझाने का काम और चुनौतीपूर्ण हो गया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और पुलिस तथा संबंधित विभाग आग लगने के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की जांच में जुटे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।