पति और बेटे को खोने के बाद महिला अधिकारी ने की जान देने की कोशिश, लोगों ने बचाया
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (31/10/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 23वीं मंजिल से गिरकर पति और 11 वर्षीय बेटे की मौत के बाद उनकी पत्नी गहरे सदमे में हैं। शुक्रवार रात उन्होंने भी उसी बालकनी से कूदकर जान देने की कोशिश की, जहां से कुछ घंटे पहले उनके पति और बेटा नीचे गिर गए थे। हालांकि, मौके पर मौजूद सोसायटी के निवासियों ने उन्हें समय रहते पकड़ लिया और एक और अनहोनी होने से बचा लिया।
मृतकों की पहचान रणदीप पात्रा (40) और उनके बेटे आरव (11) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी अमृता श्रीमणि (38) दिल्ली के केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि पति और बेटे को खोने के बाद वह गहरे मानसिक आघात में हैं। वह लगातार रो रही थीं और बार-बार बेहोश हो रही थीं। होश में आने पर वह अपने पति और बेटे को पुकारने लगती थीं। इसी दौरान जब वह बालकनी की ओर बढ़ीं और वहां से कूदने का प्रयास किया, तो सोसायटी के लोगों ने उन्हें संभाल लिया। फिलहाल रिश्तेदार और परिचित उनके साथ रहकर उन्हें भावनात्मक सहारा दे रहे हैं।
खाटू श्याम जाने की थी तैयारी, फूल तोड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ था। परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और वर्ष 2022 में महागुन मायवुड्स सोसायटी में फ्लैट खरीदा था। पति-पत्नी दोनों दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।
शुक्रवार को परिवार ने खाटू श्याम मंदिर जाने की योजना बनाई थी। मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए घर की बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़े जा रहे थे। बताया गया कि बालकनी की ग्रिल के सहारे पौधों की बेल ऊपर तक फैली हुई थी। फूल तोड़ने के लिए छोटी सीढ़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इसी दौरान आरव सीढ़ी पर चढ़कर ऊपर लगे फूल तोड़ने लगा। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बालकनी से बाहर की ओर गिरने लगा। उसने खुद को बचाने के लिए रेलिंग पकड़ने की कोशिश की। बेटे को गिरता देख रणदीप उसे बचाने के लिए तुरंत आगे बढ़े, लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों नीचे जा गिरे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सोसायटी में मची अफरा-तफरी, क्लब हाउस की छत पर मिले शव
घटना के समय सोसायटी के निवासियों ने लगातार दो तेज आवाजें सुनीं। खिड़कियों से बाहर देखने पर क्लब हाउस की छत पर एक व्यक्ति और बच्चा पड़े दिखाई दिए। इसके बाद सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में घटना की सूचना साझा की गई और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में बालकनी में फूल तोड़ने के लिए इस्तेमाल की गई सीढ़ी भी मिली है। हालांकि, अभी तक पिता और बेटे के गिरने का स्पष्ट दृश्य सीसीटीवी फुटेज में सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पति और इकलौते बेटे को एक साथ खोने के बाद अमृता की स्थिति ने सोसायटी के निवासियों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल परिवार और परिचित उनके साथ मौजूद हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।