दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, चार मजदूरों की मौत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (31 October 2026): बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने और धुएं के कारण दम घुटने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा रात करीब 9:30 बजे बी-293/294 स्थित फैक्ट्री में हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी, जहां जूते-चप्पलों का निर्माण और भंडारण किया जाता था। देखते ही देखते आग से निकला घना धुआं फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। बेसमेंट में आग और ऊपरी मंजिलों पर धुएं के कारण अंदर मौजूद मजदूरों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक आग बुझाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन चलाया। धुएं की अधिकता के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 9:31 से 9:32 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बेसमेंट में लगी आग पर काबू पाया और उसे आगे फैलने से रोका। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से, जबकि पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से बाहर निकाला गया। सभी छह लोगों को बेहोशी की हालत में संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल, मंगोलपुरी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो का उपचार जारी है।
बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें चार की मौत हो गई है और दो का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग ने आग पूरी तरह बुझा दी है और घटनास्थल पर कूलिंग की प्रक्रिया भी शुरू की गई। फैक्ट्री के अंदर पूरी तरह तलाशी ली गई, जिसके बाद पुष्टि हुई कि अब वहां कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है। पुलिस हादसे के समय फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों की कुल संख्या और आग के दौरान अंदर फंसे लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके अलावा ठेकेदार और फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फैक्ट्री में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं और बेसमेंट में आग किन परिस्थितियों में लगी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।