New Delhi News (30 अक्टूबर 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय के भगिनी निवेदिता महाविद्यालय के अनुसंधान प्रकोष्ठ ‘गवेषणा’, महिला अध्ययन एवं विकास केंद्र तथा ‘इंद्रप्रस्थ शक्ति’ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के संगोष्ठी सभागार में आगामी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घोष समारोह आयोजित किया गया। ‘भगिनी निवेदिता : विज्ञान, महिला, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण—विकसित भारत 2047 की ओर’ विषय पर यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 15 एवं 16 जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीआरआईसी–राष्ट्रीय पादप जीनोम अनुसंधान संस्थान (एनआईपीजीआर) के निदेशक प्रो. मनोज प्रसाद तथा मुख्य वक्ता के रूप में फाउंडेशन फॉर होलिस्टिक डेवलपमेंट की अध्यक्ष माधुरी सहस्रबुद्धे उपस्थित रहीं। दिल्ली विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन एवं विकास केंद्र तथा कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो और महाविद्यालय की शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रूबी मिश्रा के मार्गदर्शन तथा अनुसंधान प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. मनीषा भूटानी के समन्वय में आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और भगिनी निवेदिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. मनोज प्रसाद ने सम्मेलन के पर्दे का अनावरण किया। इस अवसर पर सम्मेलन की विवरणिका और आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया।
स्वागत वक्तव्य में प्राचार्य प्रो. रूबी मिश्रा ने कहा कि भगिनी निवेदिता का जीवन शिक्षा, विज्ञान, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार नारी शिक्षा को ज्ञानार्जन तक सीमित न रखकर सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य भगिनी निवेदिता के विचारों और योगदान का समकालीन परिप्रेक्ष्य में विश्लेषण करना तथा बहुविषयक अकादमिक विमर्श को प्रोत्साहित करना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को भी व्यापक आधार प्रदान करेगी।

प्रो. पायल मागो ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न विषयों के बीच संवाद और समन्वय स्थापित करने के साथ नवीन शोध को प्रोत्साहित करते हैं। डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण के आदर्श भगिनी निवेदिता के विचारों के मूल में रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि प्रो. मनोज प्रसाद ने भगिनी निवेदिता के असाधारण और प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बोस के साथ उनके संबंधों तथा विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान की चर्चा की। मुख्य वक्ता माधुरी सहस्रबुद्धे ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। भगिनी निवेदिता ने अपने विचारों को व्यवहार में उतारकर महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा ने किया। अंत में डॉ. मनीषा भूटानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विज्ञान, महिला शिक्षा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर व्यापक अकादमिक विमर्श का मंच प्रदान करेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।