दिल्ली में 16 नवंबर तक तैनात रहेंगे 27 हजार पैरामिलिट्री जवान, प्रस्तावित रैली को देखते हुए बड़ा फैसला
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (30 October 2026): दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राजधानी में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 270 कंपनियों यानी करीब 27 हजार पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती अब 16 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए 31 अक्टूबर से 16 नवंबर तक सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। यह फैसला 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली, संभावित विरोध प्रदर्शनों और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर लिया गया है। खास बात यह है कि दिल्ली में पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की अवधि तीसरी बार बढ़ाई गई है।
गृह मंत्रालय के इस फैसले के पीछे दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती का अनुरोध भी अहम माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इन 270 कंपनियों को दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। इन जवानों की तैनाती और उनके कामकाज के बीच समन्वय बनाने का जिम्मा दिल्ली पुलिस के पास रहेगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक कंपनी में स्वीकृत संख्या 100 जवानों की होती है, जबकि वास्तविक ड्यूटी के लिए करीब 70 से 72 जवान उपलब्ध रहते हैं। इसी आधार पर राजधानी में करीब 27 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है।
इन सुरक्षा बलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 125 कंपनियां शामिल हैं, जिनमें 17 महिला कंपनियां भी हैं। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 20, सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 46, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 39, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 31 और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की 12 कंपनियां तैनात रहेंगी। इन बलों की मौजूदगी से दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी।
दरअसल, कांग्रेस ने कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर INDIA ब्लॉक के बैनर तले ‘चलो दिल्ली मार्च’ का ऐलान किया है। इस कार्यक्रम का समापन 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली के साथ होगा, जिसमें विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा कुछ संगठनों की ओर से अचानक विरोध प्रदर्शन किए जाने की आशंका भी जताई गई है। दिल्ली पुलिस ने रैली को लेकर पहले ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में 200 से 250 CCTV कैमरों से निगरानी की तैयारी की गई है। स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि अक्टूबर की शुरुआत में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनों के बाद भी दिल्ली में पैरामिलिट्री बलों की तैनाती बढ़ाई गई थी। 9 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध जताया गया था। इसके बाद विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन किए। अब INDIA ब्लॉक की रैली, संभावित विरोध प्रदर्शनों और त्योहारों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 16 नवंबर तक सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रखने का निर्णय लिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले के मुकाबले और कड़ी रहने वाली है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।