जेवर में लगेगी 1,220 करोड़ की ट्रैक्टर फैक्ट्री, 12 नवंबर को CM योगी करेंगे शिलान्यास

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (30/10/2026): जेवर क्षेत्र के औद्योगिक विकास को बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-8डी में देश की प्रमुख कृषि उपकरण निर्माता कंपनी CNH Industrial India Private Limited अपनी ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करने जा रही है। करीब 1,220 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 नवंबर को रखेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होने के साथ लगभग 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपनी को इस परियोजना के लिए दयौरार गांव के पास सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इस परियोजना में कुल 1,219.81 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यहां आधुनिक ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। इसके संचालन से उत्पादन और तकनीकी कार्यों के साथ-साथ परिवहन, रखरखाव, भंडारण और आपूर्ति प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

औद्योगिक विकास को मिलेगी नई पहचान

सीएनएच की यह परियोजना यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बढ़ते औद्योगिक निवेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित होने से कृषि उपकरण उद्योग से जुड़ी सहायक इकाइयों, कलपुर्जों की आपूर्ति करने वाली कंपनियों और अन्य छोटे-बड़े कारोबार को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का एक नया इकोसिस्टम विकसित हो सकता है।

स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते

इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय युवाओं को मिलने की उम्मीद है। फैक्ट्री में उत्पादन, तकनीकी संचालन, मशीनों के रखरखाव और प्रबंधन से जुड़े कार्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। इसके अलावा, सहायक औद्योगिक इकाइयों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में भी रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे जेवर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज

12 नवंबर को प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर यमुना प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस और कंपनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परियोजना के लिए आवंटित 100 एकड़ भूमि पर कब्जा लेने के बाद निर्माण स्थल को तैयार करने का काम शुरू हो चुका है। कार्यक्रम से पहले भूमि को समतल करने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए मशीनों की मदद ली जा रही है।

गौरतलब है कि जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास के साथ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में सीएनएच की 1,220 करोड़ रुपये की यह परियोजना जेवर को विनिर्माण और औद्योगिक गतिविधियों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।