‘राष्ट्र साधना के सौ वर्ष’ काव्य गोष्ठी में कवियों ने रचनाओं से किया महर्षि वाल्मीकि का स्मरण

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 अक्टूबर 2026): आदि साहित्यकार महर्षि वाल्मीकि की जयंती एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती, दिल्ली के नैऋत्य केंद्र, द्वारका की ओर से भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज के सभागार में ‘राष्ट्र साधना के सौ वर्ष’ काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि का स्मरण किया और संघ की सौ वर्षों की यात्रा के विविध आयामों को काव्यात्मक अभिव्यक्ति दी।

गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, द्वितीय सरसंघचालक श्री गुरुजी, हिंदू संगठन, दैनिक शाखा के संस्कार केंद्र के रूप में महत्व, भगवा ध्वज को गुरु मानने की परंपरा, पथ संचलन, प्रचारकों का समर्पित जीवन, प्रशिक्षण वर्ग का आनंद, विभाजन की विभीषिका के समय किए गए राहत कार्य, प्राकृतिक आपदाओं में सेवा कार्य, आपातकाल की संघर्ष गाथा और विभिन्न संगठनों की भूमिका जैसे विषय शामिल रहे।

इसके अलावा सेवा कार्य, सामाजिक समरसता, गौ सेवा, ग्राम विकास, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक अनुशासन तथा स्वबोध जैसे विषयों पर भी काव्य प्रस्तुतियां दी गईं।

इस अवसर पर दिल्ली राज्य के अध्यक्ष विनोद बब्बर ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि संस्कृत साहित्य के आदि साहित्यकारों में हैं और उनकी अमर कृति रामायण भारतीय साहित्य की अमूल्य धरोहर है। उनकी रचनाएं करुणा, संवेदना और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देती हैं। संघ की सौ वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह जागरण, संगठन, संस्कार और समाज निर्माण के लिए असंख्य स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की यात्रा है।

उन्होंने अखिल भारतीय साहित्य परिषद की छह दशकों की यात्रा को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि परिषद भारतीय भाषाओं और साहित्य के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं से साहित्य से जुड़ने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य केवल किसी एक विषय के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक हमारे साथ रहता है। साहित्य समाज को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।

गोष्ठी में द्वारका नगर के संघचालक प्रदीप देसवाल ने संघ की स्थापना की पृष्ठभूमि पर आधारित अपनी कविता प्रस्तुत की। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपनी काव्य रचनाओं के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।