चाँदनी चौक में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, विपक्ष पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 अक्टूबर 2026): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दिल्ली के ऐतिहासिक चाँदनी चौक में ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा का आयोजन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में यह पदयात्रा लाल किला चौक से शुरू होकर टाउन हॉल चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन पर अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।

पदयात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, सह प्रभारी दर्शना जरदोश, सांसद प्रवीन खंडेलवाल, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चांदोलिया सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और रविंद्र इंद्राज सिंह तथा भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश ने भी कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को संबोधित किया।

हर्ष मल्होत्रा बोले—भाजपा की पहचान संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि चाँदनी चौक की ऐतिहासिक धरती से भाजपा ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र 1857 की क्रांति से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक देश के संघर्ष और लोकतांत्रिक चेतना का प्रतीक रहा है।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने विभिन्न मुद्दों पर लंबे समय तक दिल्ली को जाम रखकर आम जनता को परेशानी में डाला, वे भाजपा की दो घंटे की सांकेतिक पदयात्रा का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इसे विरोधाभासी बताते हुए कहा कि भाजपा की पहचान संविधान, शांति और लोकतांत्रिक मर्यादा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी ताकतों के इशारे पर दिल्ली में अराजकता फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहता है। मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली की जनता के साथ खड़े होकर ऐसी कोशिशों का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अराजकता और दंगे नहीं, बल्कि विकास और लोकतंत्र चाहिए।

रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक अभियानों और नारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी बार-बार नए अभियान लेकर आती है, लेकिन उन्हें जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिलता।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को पता है कि उसने किसे वोट दिया है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उसका भरोसा कायम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार को मिले जनादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।

रेखा गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट, विश्वास और जनादेश सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनादेश की परवाह किए बिना सत्ता परिवर्तन की बात करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के वोट से बनी सरकार को इस तरह चुनौती नहीं दी जा सकती और भाजपा जनता के जनादेश के साथ खड़ी है।

प्रवीन खंडेलवाल ने चुनाव आयोग के जवाब का किया उल्लेख

भाजपा सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए चुनाव संबंधी सवालों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने राहुल गांधी की याचिका के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल शपथपत्र में उनके सवालों के सिलसिलेवार जवाब दिए हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन देशभर में पदयात्राओं के माध्यम से जनता के बीच संवाद करेंगे और विपक्ष पर अराजकता फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए जनता को अपनी बात बताएंगे।

उन्होंने चाँदनी चौक के व्यापारियों की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारियों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने अराजकता समाप्त करने के लिए भाजपा के अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही।

प्रवेश साहिब सिंह ने विपक्ष की राजनीति पर उठाए सवाल

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मिले चुनावी समर्थन का उल्लेख किया। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के सवालों के बावजूद जनता ने लगातार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अवैध घुसपैठियों, विशेषकर बांग्लादेश और पाकिस्तान से आए लोगों के मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर राजनीतिक साजिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए अपना फैसला सुनाती रहेगी।

व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने किया स्वागत

पदयात्रा के दौरान चाँदनी चौक के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और नागरिक मंचों की ओर से जगह-जगह मंच लगाकर नेताओं का स्वागत किया गया। आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा के दौरान चाँदनी चौक का व्यापार सामान्य रूप से चलता रहा।

मार्केंटाइल एसोसिएशन के मुकेश सचदेवा, चाँदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के संजय भार्गव, चाँदनी चौक ट्रेडर्स परिषद के सुरेश बिंदल, कटरा अशर्फी व्यापारिक परिषद के श्रीभगवान बंसल और राजकुमार तुलसियान सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पदयात्रा का स्वागत किया। दरीबा व्यापारी मंच और चाँदनी चौक नागरिक मंच के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी, एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, विधायक सतीश उपाध्याय, अनिल शर्मा, अशोक गोयल, चंदन चौधरी, करनैल सिंह और पूनम भारद्वाज सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, निगम पार्षद और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि चाँदनी चौक को इस पदयात्रा के लिए चुनने का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और लोकतांत्रिक महत्व को रेखांकित करना था। लाल किले से टाउन हॉल चौक तक आयोजित इस पदयात्रा के जरिए पार्टी ने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए लोकतंत्र, शांति और विकास का संदेश देने का दावा किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।