मदनलाल खुराना की पुण्यतिथि पर दिल्ली BJP ने अर्पित की श्रद्धांजलि, क्या बोले हर्ष मल्होत्रा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 October 2026): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय मदनलाल खुराना की पुण्यतिथि पर दिल्ली भाजपा ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, पार्टी की प्रदेश सह प्रभारी दर्शना जरदोश और सांसद योगेंद्र चांदलिया सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में मदनलाल खुराना के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मदनलाल खुराना को दिल्ली के विकास का अग्रदूत और पार्टी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन कर्मठता, स्पष्टवादिता और जनसेवा का प्रतीक था। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राजधानी को नई दिशा देने का काम किया। मल्होत्रा ने कहा कि खुराना के कार्यकाल में फ्लाईओवर, बिजली, पानी और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिल्ली को आधुनिक बनाने की दिशा में प्रयास किए गए। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने भाजपा के संगठन को मजबूत करने और पार्टी की जड़ों को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मदनलाल खुराना का जीवन सादगी, राष्ट्रभक्ति और गरीबों के प्रति समर्पण का उदाहरण है। दिल्ली के लोगों के अधिकारों को लेकर उनका दृष्टिकोण आज भी पार्टी के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि खुराना का ‘दिल्ली को दिल्ली वालों का हक’ वाला सपना सदैव लोगों को प्रेरित करता रहेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि भाजपा उनके आदर्शों पर चलते हुए दिल्ली को विकसित और सशक्त बनाने के लिए काम करती रहेगी।

दिल्ली भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी दर्शना जरदोश ने भी मदनलाल खुराना को जनसेवा का पर्याय बताते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में दिल्ली को आधुनिक बनाने और भाजपा को संगठनात्मक मजबूती देने में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि खुराना की सादगी, राष्ट्रभक्ति और गरीबों के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। जरदोश ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर विकसित दिल्ली के संकल्प को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने ऐसे नेताओं को युगों में एक बार आने वाला व्यक्तित्व बताया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मदनलाल खुराना की पत्नी राज खुराना, उनके पुत्र एवं विधायक हरीश खुराना, पुत्रवधू वंदना विमल खुराना और नाती संयम छाबड़ा ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, ओ.पी. बब्बर, वेदव्यास महाजन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता तथा प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, सतीश गर्ग, प्रवीण शंकर कपूर, रंजीत कश्यप, सारिका जैन, कैलाश जैन, संतोष पाल और अमित गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने मदनलाल खुराना के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।