दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई ऑनलाइन स्टोरों में मिलीं खामियां
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (27/10/2026): दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गौतम बुद्ध नगर में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और स्टोरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंदगी, कोल्ड रूम की अव्यवस्था और जरूरी दस्तावेजों की कमी सामने आई। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस में कमियां मिलीं। दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट में गंदगी पाए जाने पर पनीर का नमूना लिया गया। वहीं, सूरजपुर, बीटा-1 और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों में भी साफ-सफाई और दस्तावेजों की कमी मिली। सूरजपुर के स्टोर से मूंगफली के दानों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उसका संचालन बंद करा दिया गया। इसके अलावा जियो मार्ट, केवी एंटरप्राइजेज, जेप्टो, ए एंड डी नेटवर्क, पीवाईडी रिटेल, पीजे टीजे टेक्नोलॉजी और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर समेत अन्य प्रतिष्ठानों में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट जैसे जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार, जांच के दौरान प्रतिष्ठानों को आवश्यक कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने चेतावनी दी कि सभी जरूरी अभिलेख स्टोरों पर सुरक्षित रखे जाएं और मांगने पर अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएं। खाद्य सामग्री का भंडारण और वितरण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार ही किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक सुरक्षित खाद्य पदार्थ पहुंच सकें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।