नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 26 सोसायटियों पर लिफ्ट सुरक्षा को लेकर कार्रवाई

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (27/10/2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। विद्युत सुरक्षा विभाग की जांच में 26 सोसायटियों, मॉल और अन्य परिसरों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां मिली हैं। कहीं लिफ्ट ऑपरेटर और सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं थे, तो कहीं सीसीटीवी कैमरे, इंटरकॉम और इमरजेंसी अलार्म काम नहीं कर रहे थे। मोटर और रोप के रखरखाव में भी कमियां पाई गईं। विभाग ने संबंधित परिसरों को नोटिस जारी कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

सहायक निदेशक, विद्युत सुरक्षा विभाग रमेश कुमार के अनुसार, विभिन्न शिकायतों के आधार पर इन परिसरों में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान प्रत्येक परिसर में किसी न किसी स्तर पर खामी सामने आई। विभाग ने निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट प्राधिकरण और जिला प्रशासन को भेज दी है। साथ ही, संबंधित प्रबंधन को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली गुल होने पर लिफ्ट में फंस सकते हैं लोग

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट के बीच में रुकने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर यात्रियों के लिफ्ट में फंसने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए लिफ्ट में ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस (ARD) का होना जरूरी है। यह उपकरण बिजली कटने की स्थिति में लिफ्ट को नजदीकी मंजिल तक पहुंचाने में मदद करता है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकता है।

विभागीय जांच में कुछ परिसरों में लिफ्ट के लिए अलग बिजली बैकअप की व्यवस्था नहीं मिली। वहीं, कुछ जगह जनरेटर को मैन्युअल तरीके से चालू करना पड़ता है। ऐसी व्यवस्था के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लिफ्ट को दोबारा चालू करने में देरी हो सकती है और यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।

मोटर, रोप और इमरजेंसी सिस्टम में भी मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर लिफ्ट की मोटर और रोप का नियमित रखरखाव नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई। कुछ जगह इन उपकरणों पर पर्याप्त तेल भी नहीं मिला। समय पर रखरखाव नहीं होने से उपकरणों में घिसावट और तकनीकी खराबी का जोखिम बढ़ सकता है।

इसके अलावा, कुछ परिसरों में लिफ्ट और कॉमन एरिया के लिए एक ही डीजी सेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। कई जगह लिफ्ट के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे, इंटरकॉम और इमरजेंसी अलार्म की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं मिली। आपात स्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की अनुपस्थिति ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

एम्स ग्रीन एवेन्यू में 20 में से केवल 6 लिफ्ट चालू मिलीं

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में लिफ्ट संचालन की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई। सोसायटी के 10 टावरों में कुल 20 लिफ्ट लगी हैं, लेकिन जांच के समय इनमें से केवल 6 ही चालू मिलीं। इसके अलावा, बेसमेंट में पानी जमा होने से लिफ्टों के संचालन पर असर पड़ने की बात सामने आई। कुछ स्थानों पर मोटर और रोप में पर्याप्त तेल नहीं पाया गया, जिससे रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल उठे।

इन परिसरों को जारी किए गए नोटिस

विद्युत सुरक्षा विभाग की ओर से जिन परिसरों का नाम सामने आया है, उनमें शिवालिक होम्स, महागुन मायवुड्स, एम्स ग्रीन एवेन्यू, मिगसन अल्टिमो, एमएसएक्स मॉल, वृंदा सिटी, पार्श्वनाथ विभव प्लाजा, अरिहंत अंबर और एलिगेंट एपेक्स फ्लोरा शामिल हैं। विभाग ने संबंधित प्रबंधन को लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य लिफ्टों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करना और तकनीकी खामियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।