नई दिल्ली (22 फरवरी, 2025): केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की सेवाओं पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि भोपाल से दिल्ली जाने के लिए उन्होंने एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI436 में टिकट बुक किया था। उन्हें सीट नंबर 8C आवंटित की गई, लेकिन जब वह वहां पहुंचे तो देखा कि सीट टूटी हुई थी और अंदर धंसी हुई थी, जिससे बैठना बेहद असुविधाजनक हो गया।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने एयरलाइन स्टाफ से इस बारे में पूछा तो उन्हें जवाब मिला कि प्रबंधन को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी कि यह सीट सही नहीं है और इसका टिकट नहीं बेचा जाना चाहिए। बावजूद इसके, इसे यात्रियों को आवंटित किया गया।
इस पर चौहान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि टाटा समूह द्वारा एयर इंडिया के अधिग्रहण के बाद इसकी सेवाओं में सुधार होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यात्रियों की परेशानी को लेकर सवाल उठाया कि जब एयरलाइन पूरा किराया वसूलती है, तो खराब और असुविधाजनक सीट देना क्या यात्रियों के साथ धोखा नहीं है?
शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया प्रबंधन से पूछा कि क्या वे आगे ऐसी समस्याओं को हल कर करने के लिए कोई कदम उठाएंगे या यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाते रहेंगे? उनकी इस शिकायत के बाद एयर इंडिया की सेवाओं पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।