साइट 4 रामलीला में लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध का भव्य मंचन, आज होगा रावण दहन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19 अक्टूबर 2026): ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित विजय महोत्सव 2026 में सोमवार को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। विभीषण आगमन, रामसेतु निर्माण, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध के दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति, सजीव संवाद और युद्ध के रोमांचक दृश्यों ने रामलीला मैदान को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर के भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा और भाजपा उत्तर प्रदेश पिछड़ा मोर्चा के महामंत्री प्रणीत भाटी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने श्री रामलीला कमेटी द्वारा लगातार 21 वर्षों से रामलीला का आयोजन किए जाने की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

अपने संबोधन में डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करने, सामाजिक कुरीतियों और बुरी आदतों को त्यागने तथा सत्य के मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अच्छे कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

विभीषण की शरणागति से कुंभकर्ण वध तक दिखा धर्म-अधर्म का संघर्ष

रामलीला के दौरान सबसे पहले विभीषण के भगवान श्रीराम की शरण में आने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके बाद वानर सेना द्वारा समुद्र पर सेतु निर्माण कर लंका की ओर कूच करने का दृश्य दिखाया गया। अंगद और रावण के बीच हुए संवाद में अंगद ने रावण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अहंकार में डूबे रावण ने उनकी बात नहीं मानी।

इसके बाद लक्ष्मण शक्ति का मार्मिक प्रसंग और कुंभकर्ण वध के युद्ध दृश्य मंचित किए गए। कलाकारों ने अपने अभिनय से इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम की मर्यादा, विभीषण की सत्यनिष्ठा, लक्ष्मण के साहस और रामसेना के पराक्रम को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इन प्रसंगों ने दर्शकों को संदेश दिया कि अहंकार और अधर्म का मार्ग अंततः विनाश की ओर ले जाता है, जबकि सत्य, सदाचार और धर्म की हमेशा विजय होती है।

कई गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय महामंत्री पवन खटाना, डॉ. शीतला प्रसाद (भारत सरकार के पूर्व महानिदेशक), राजीव मलिक, प्रायोजक विकास गर्ग (विक्की), मनवीर भाटी, गौरव गोयल, एनसी शर्मा, आरके सिंह, जितेंद्र चौहान और करमवीर मंडार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में सोविन्द्र भाटी, केपी कसाना, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगवीर दोल्ला, महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक भाटी और प्रायोजक राकेश अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

20 अक्टूबर को होगा रावण दहन, मेघनाद और अहिरावण वध का मंचन

श्री रामलीला कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि मंगलवार, 20 अक्टूबर को रामलीला में मेघनाद वध, सुलोचना विलाप, अहिरावण वध और रावण वध के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राम-रावण युद्ध के निर्णायक क्षणों को दर्शकों के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि दशहरे के अवसर पर रात 9 बजे 70 फीट ऊंचे रावण तथा 65-65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। कमेटी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला और दशहरा उत्सव में शामिल होने की अपील की है। साथ ही दर्शकों को समय से पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि वे सुविधानुसार अपनी सीट ग्रहण कर सकें।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह, महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, ओमप्रकाश अग्रवाल, धर्मपाल भाटी, हरेन्द्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग, दीपक, विकास आर्य, रिंकू आर्य, प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।