नोएडा-ग्रेटर नोएडा में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, बाजारों और पूजा पंडालों में बढ़ाई गश्त
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (17/10/2026): त्योहारों के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों, पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रहे हैं।
सेंट्रल नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह और एसीपी राजीव गुप्ता ने पैदल गश्त की। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध वाहनों की जांच, यातायात नियमों का पालन कराने और पीसीआर-पीआरवी वाहनों को लगातार गश्त पर रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।
वहीं, सेक्टर-26 में डीसीपी महिला सुरक्षा सुनिति ने पुलिस अधिकारियों के साथ पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, पुलिस सहायता सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया।
ग्रेटर नोएडा में डीसीपी श्रवण कुमार सिंह और एसीपी-1 कृष्ण पाल सिंह ने थाना बीटा-2 क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद डीसीपी नॉलेज पार्क क्षेत्र में आयोजित डांडिया उत्सव में पहुंचे और लोगों से दुर्गा पूजा तथा दशहरा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया है। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।