नकली नोटों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, 1.84 लाख रुपये के जाली नोट बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17/10/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने जाली नोटों का कारोबार करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200-200 रुपये के कुल 920 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 84 हजार रुपये है। इसके अलावा 1,000 रुपये के असली नोट और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को ग्राम कोंडली पुस्ता के पास गढ़ी समस्तीपुर जाने वाले पक्के रास्ते पर मोड़ के नजदीक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह निवासी सुल्तानपुर, शशांक गुप्ता और वैभव शुक्ला निवासी अयोध्या तथा शांतनु सिंह निवासी सीतापुर के रूप में हुई है। चारों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आम लोगों को तीन गुना रकम देने का झांसा देकर जाली नोटों के बदले असली रुपये हासिल करने की योजना से गौतमबुद्धनगर आए थे। इस मामले में अर्जुन सिंह की मुलाकात वर्ष 2024 में अयोध्या जेल में कुबेर सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान जाली नोट तैयार करने और उनके जरिए अवैध कमाई करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस मामले में कुबेर सिंह की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में मुकदमा संख्या 284/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178, 179 और 180 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विकास सिंह, चेतन चौधरी, पवन राठी और कांस्टेबल राहुल चौहान व अंकित भदाना शामिल रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।