नोएडा की सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड को सैद्धांतिक मंजूरी, 350 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Noida News (17/10/2026): नोएडा में बनने वाली सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस एलिवेटेड रोड की संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) आईआईटी रुड़की ने नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी है। प्राधिकरण ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और अगले सप्ताह निर्माण के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी की जा रही है।

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड लगभग छह लेन की होगी और इसकी ऊंचाई करीब 20 मीटर रखी जाएगी। यह मेजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी। संशोधित योजना के अनुसार, सड़क को सेक्टर-94 के पास पुश्ता रोड तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद इसे जेवर एयरपोर्ट की ओर जाने वाली जेवर लिंक एलिवेटेड रोड से जोड़ने की योजना है।

परियोजना के एलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। पहले एलिवेटेड रोड को पुश्ता रोड से पहले ही उतारने की योजना थी, लेकिन संशोधित प्रस्ताव में इसे सीधे सेक्टर-94 के पास पुश्ता रोड तक ले जाने का निर्णय लिया गया है। परियोजना के दो हिस्सों की लंबाई करीब दो किलोमीटर और 1.8 किलोमीटर प्रस्तावित है।

नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह के मुताबिक, संशोधित डीपीआर में नए एलाइनमेंट के अनुसार बदलाव किए गए हैं। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। अब टेंडर प्रक्रिया के जरिए निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की तैयारी है।

इस एलिवेटेड रोड को चिल्ला एलिवेटेड रोड के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है। इसके पुश्ता रोड और जेवर लिंक एलिवेटेड रोड से जुड़ने के बाद नोएडा, दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।