ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह: टेन न्यूज की टीम ने क्या देखा | विशेष रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (20 फरवरी 2025): दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 27 वर्षों बाद राजधानी में वापसी के जश्न की झलक देखने को मिली। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना सहित कई गणमान्य हस्तियां, राजनीतिक दिग्गज, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में भाजपा समर्थक मौजूद रहे।

उत्साह से भरा माहौल, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

समारोह में मंच से “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारे गूंजते रहे। भाजपा कार्यकर्ता खासे उत्साहित नजर आए, विशेष रूप से महिलाएं, क्योंकि दिल्ली को पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता मिली हैं। रामलीला मैदान भाजपा के झंडों, पोस्टरों और प्रधानमंत्री मोदी के गगनचुंबी होर्डिंग्स से पट गया था। समारोह स्थल पर आम जनता, विशिष्ट अतिथियों और मीडिया के लिए व्यापक बैठने की व्यवस्था की गई थी।

खास बात यह दिखी कि भारी संख्या में पुरुष और महिलाएं सिर पर केसरिया पगड़ी, गले में भाजपा का पट्टा और हाथों में बीजेपी के निशान पकड़े नजर आई। इससे पूरे माहौल में एक विशेष राजनीतिक और सांस्कृतिक रंगत देखने को मिली।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस रही मुस्तैद

रामलीला मैदान के चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हर प्रवेश द्वार पर सघन जांच की गई, और सभी लोगों को निर्गत पास के अनुसार उनके निर्धारित स्थानों पर भेजा गया। पुलिस की सक्रियता पूरे समय बनी रही, जिससे कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका। बीच-बीच में मंच से जोशीले उद्घोष किए गए, जिससे उपस्थित जनता में जोश और उमंग का माहौल बना रहा।

निकासी में हुई परेशानी, फिर भी सफल रहा आयोजन

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निकास द्वारों पर भारी भीड़ देखी गई, विशेषकर मीडिया के लिए बनाए गए गेट नंबर दो पर सामान्य जनता की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे लोगों को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि, समग्र रूप से यह आयोजन सफल माना गया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी और भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। दो बार राष्ट्रगान बजाया गया और धार्मिक गीतों से माहौल को भक्तिमय बनाया गया।

रेखा गुप्ता समेत 7 मंत्रियों ने ली शपथ, सरकार के संकल्प दोहराए गए

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कुल सात मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह के बाद भाजपा नेताओं ने मीडिया से बातचीत करते हुए “समृद्ध दिल्ली” और “निर्मल यमुना” के अपने संकल्पों को दोहराया और जनता के हित में निरंतर काम करने का आश्वासन दिया।

यह समारोह न केवल दिल्ली के राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव का प्रतीक बना, बल्कि भाजपा की मजबूत वापसी और जनता के उत्साह का भी गवाह बना।।

 

रंजन अभिषेक (टेन न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली)


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।