दिल्ली में दशहरे पर जलेगा 30 फीट ऊंचा कॉकरोच का पुतला, स्वच्छता का दिया जाएगा संदेश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 October 2026): दिल्ली में इस बार दशहरा पर्व पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन किया जाएगा। पीतमपुरा में श्री केशव रामलीला समिति की ओर से इस अनोखी पहल की शुरुआत की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और साफ-सफाई के महत्व का संदेश देना है। रामलीला के पारंपरिक आयोजन में इस बार कॉकरोच के पुतले को शामिल करना लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

आयोजक समिति के मुताबिक, कॉकरोच का पुतला गंदगी और मैल का प्रतीक होगा। इसके दहन के जरिए लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और गंदगी से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। समिति का मानना है कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसी संदेश को स्वच्छता से जोड़कर समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

श्री केशव रामलीला समिति के अध्यक्ष और भाजपा विधायक अशोक गोयल ने बताया कि कॉकरोच के पुतले का दहन स्वच्छ भारत और स्वच्छ दिल्ली अभियान के संदेश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं है। इस पहल के माध्यम से रामलीला देखने आने वाले लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि स्वच्छता भी सामाजिक जिम्मेदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके लिए हर व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

रामलीला के मंचन में रावण की सेना के भीतर कॉकरोच को असुरों के रूप में दर्शाया जाएगा और अंत में उनका भी दहन किया जाएगा। इस तरह पारंपरिक रूप से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ गंदगी के प्रतीक कॉकरोच का अंत भी दिखाया जाएगा। आयोजक समिति की इस पहल के जरिए धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से स्वच्छता का संदेश लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।