दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा पर रोक, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 October 2026); कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने यात्रा की अनुमति नहीं दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत बिना अनुमति प्रदर्शन, मार्च निकालने और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध है। कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और पालिका बाजार सहित लुटियंस दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

यात्रा को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने कनॉट प्लेस से लेकर जंतर-मंतर तक सुरक्षा का घेरा मजबूत कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, तीन शिफ्टों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें दिल्ली पुलिस के 6 हजार से अधिक जवानों के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 220 कंपनियां और रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ियां शामिल हैं। पड़ोसी जिलों से करीब 5 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि दंगा नियंत्रण वाहन, वज्र वाहन, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। पार्क के आसपास भी बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने और अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्र करने से बचने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का पालन करते हुए सीमित संख्या में लोगों को निर्धारित स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान की अनुमति दी जा सकती है। ऐसे में कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में किसी भी तरह की गतिविधि पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के मध्यवर्ती इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। स्थिति के अनुसार करीब 21 प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है। इनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, मिंटो रोड और तिलक मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें शामिल हैं। कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल के अलावा आईटीओ, मंडी हाउस, इंडिया गेट और डीडीयू मार्ग पर भी वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और संभव हो तो मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रतिबंध हालात के अनुसार जारी रह सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।