नोएडा में शादी में हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (19 फरवरी 2025): गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दीपांशु (24), पुत्र सतीश, निवासी ग्राम नाथूपुर, थाना डीएलएफ फेस-3, गुड़गांव, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सेक्टर-47 की सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली है।

यह हादसा 16 फरवरी 2025 की रात ग्राम अगाहपुर में हुआ था, जहां दीपांशु अपने दोस्त रोहन की शादी में शामिल हुआ था। शादी समारोह के दौरान, दीपांशु और उसके एक अन्य साथी ने कई राउंड फायरिंग की। इसी दौरान, छत पर खड़े एक व्यक्ति की गोद में बैठे ढाई साल के मासूम हर्ष को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक सीसीटीवी वीडियो में दो लोगों को फायरिंग करते हुए देखा गया। पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई शुरू की।

डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह ने इस घटना पर जानकारी देते हुए कहा, हर्ष फायरिंग में बच्चे की मौत की इस घटना में दो लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से एक दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इनमें से एक आरोपी के पास अवैध हथियार था, जबकि दूसरे ने अपने पिता के रजिस्टर्ड हथियार का इस्तेमाल किया था। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बताया कि दूसरे आरोपी की भी जल्द गिरफ्तारी होगी। पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि शादी और अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग का खतरनाक चलन कब रुकेगा? प्रशासन ने पहले भी इस पर रोक लगाने की कोशिश की है, लेकिन इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि अब और सख्त कानूनों और जागरूकता की जरूरत है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।