Greater Noida News (08/10/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित बिहारीलाल इंटर कॉलेज की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में अब छात्रों को कथित रूप से शामिल किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रों के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर नाबालिग बच्चों को जमीन विवाद में उतारने और निर्माण कर रहे लोगों के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार सुबह स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने छात्रों को विवादित जमीन को स्कूल की संपत्ति बताते हुए वहां निर्माण कार्य कर रहे लोगों के खिलाफ भड़काया। आरोप है कि इस दौरान कुछ छात्रों के हाथों में डंडे, फावड़े और ईंटें भी थीं।
नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
परिजनों ने कहा कि नाबालिग बच्चों को जमीन जैसे विवादित मामले में शामिल करना उनकी सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। उनका कहना है कि यदि मौके पर किसी प्रकार की झड़प होती और किसी बच्चे को चोट लग जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती। परिजनों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी से की शिकायत
इस मामले को लेकर सुनील, वीरेंद्र, प्रवीन कुमार, ज्ञानू सिंह, विपिन और कमल सिंह समेत कई छात्रों के परिजनों ने जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात की। उन्होंने स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी ने परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से लगाए गए आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रों को विवादित स्थल पर किस परिस्थिति में ले जाया गया था और वहां उनकी भूमिका क्या थी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।