ग्रेटर नोएडा में पानी की किल्लत पर RWA का हल्ला बोल, CEO ने दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/10/2026): ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी लगातार सामने आ रही समस्याओं को लेकर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समक्ष आवाज उठाई है। कई सेक्टरों में कम प्रेशर, गंदे पानी की आपूर्ति और UGR की खराब मोटरों के कारण residents को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पुरानी और जर्जर जलापूर्ति पाइपलाइनों को भी समस्या की प्रमुख वजह बताया गया है।
इन समस्याओं को लेकर फेडरेशन ऑफ RWA, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर के नेतृत्व में RWA पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने 7 अक्टूबर को GNIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अलग-अलग सेक्टरों में पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से उनके सामने रखा और स्थायी समाधान की मांग की।
कम प्रेशर और गंदे पानी की शिकायतें
बैठक के दौरान RWA प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के कई क्षेत्रों में पानी का दबाव पर्याप्त नहीं होने के कारण घरों तक नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। कुछ सेक्टरों में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत भी सामने आई है, जिससे निवासियों को परेशानी के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल को लेकर चिंता बनी हुई है।
RWA पदाधिकारियों ने प्राधिकरण से मांग की कि लंबे समय से इस्तेमाल की जा रही पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों को बदला जाए। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में UGR की मोटरें खराब हैं, वहां उनकी तत्काल मरम्मत कराने अथवा आवश्यकता के अनुसार नई मोटर और पंप स्थापित करने की मांग की गई।
CEO ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
RWA प्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद GNIDA CEO एन.जी. रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
CEO ने पुरानी जलापूर्ति लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने, खराब UGR मोटरों की जल्द मरम्मत कराने और आवश्यकता वाले स्थानों पर नई मोटर एवं पंप लगाने को कहा। इसके साथ ही कम जल दबाव और गंदे पानी की शिकायतों का भी जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
50 से अधिक RWA प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से 50 से अधिक RWA प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें कैप्टन वीरेंद्र सिंह, ऋषिपाल भाटी, भुवनेश गर्ग, अमित भाटी, बॉबी भाटी, डॉ. अजय भाटी और जय सिंह भाटी समेत कई RWA पदाधिकारी शामिल रहे।
RWA प्रतिनिधियों ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है। CEO की ओर से दिए गए निर्देशों के बाद प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित सेक्टरों में जलापूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार देखने को मिलेगा और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निवासियों को राहत मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।