यमुना प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का 22 अक्टूबर को महापंचायत का ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (04/10/2026): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। शनिवार को जेवर के अमरपुर गांव में संगठन की बैठक आयोजित हुई, जिसमें किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगों और उनके समाधान में हो रही देरी को लेकर चर्चा की गई। बैठक में 22 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण के कार्यालय पर महापंचायत आयोजित करने का फैसला लिया गया।

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि किसानों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना प्राधिकरण की ओर से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों की प्रमुख मांगों में बैकलीज, आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और रोजगार से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

किसान नेताओं ने कहा कि इन मांगों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण किसानों में नाराजगी बनी हुई है। इसी को देखते हुए संगठन ने अब प्राधिकरण स्तर पर महापंचायत कर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया है।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जिले सिंह प्रधान ने की, जबकि संचालन विक्रम नागर ने किया। संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जीतू गुर्जर ने संगठनात्मक विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि विक्रम नागर को मेरठ मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की।

इस अवसर पर प्रताप नागर, सतपाल नागर, सरजीत नागर, धीरज सिंह, जगराम सिंह, सरदा प्रधान, विजेंद्र आर्य, सोविंदर चेची और तुषार कौशिक सहित कई किसान नेता और ग्रामीण मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।