यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में बड़ा बदलाव, किन नेताओं पर पार्टी ने जताया भरोसा
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (04/10/2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपनी नई मीडिया टीम का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार रात मीडिया विभाग से जुड़े पदाधिकारियों की घोषणा की। नई टीम में 31 प्रदेश प्रवक्ता और 25 मीडिया पैनलिस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा सह-मीडिया प्रभारी, मीडिया वॉच और क्षेत्रीय स्तर पर भी अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
नई टीम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के करीबियों को भी जगह मिली है। केशव प्रसाद मौर्य के करीबी माने जाने वाले कौशलेन्द्र पटेल और नवीन श्रीवास्तव को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। कौशलेन्द्र पटेल वाराणसी के पूर्व महापौर रह चुके हैं। उन्होंने 2018 में कौशाम्बी लोकसभा उपचुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अब उन्हें प्रदेश की मीडिया टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
31 नेताओं को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी
भाजपा की नई सूची में डॉ. समीर सिंह, कौशलेन्द्र पटेल, मनीष शुक्ला, हीरो बाजपेयी, जुगल किशोर, राकेश त्रिपाठी, लालजी निर्मल, आनंद दुबे, अवनीश त्यागी, आलोक वर्मा, अनिला सिंह, साक्षी दिवाकर, संजय चौधरी, अशोक पाण्डेय, एसएन सिंह, मनोज पोसवाल, डॉ. ऋचा सिंह, प्रशान्त उमराव, दिलीप श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुशवाहा, प्रियंक पाण्डेय, नवीन श्रीवास्तव, रामनिवास यादव, अनुभव चक, डॉ. रजनीश त्यागी, ब्रम्हप्रकाश पाल, आशिष कुमार गुप्ता, डॉ. अंकुश त्रिपाठी, अभिषेक कृष्ण दुबे, प्रताप सिंह नागर और शैलेन्द्र शर्मा अटल को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है।
हिमांशु दुबे और दीपक बघेल को सह-मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के लिए मीडिया संयोजक और सह-मीडिया संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं।
25 पैनलिस्टों को भी मिली जगह
नई मीडिया टीम में भाजपा ने 25 मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त किए हैं। इनमें अमित वाल्मीकी, डॉ. कौशल कान्त, राघवेन्द्र सिंह, शरतेन्दु त्रिवेदी ‘शरद’, रवि सोनकर, अभय प्रताप सिंह, गौरव माहेश्वरी, चन्द्रमोहन चौबे, पल्लवी सिंह, अपर्णा दीक्षित, राज कुमार राजू, ओपी मिश्रा, डॉ. अशोक नागर, गौरव गर्ग, जेबा यासमीन, अमील शम्सी, पवन गोयल, बाल कृष्ण पाण्डेय, धनंजय शुक्ला, डॉ. विजय रत्ना तोमर, मनीष शर्मा, बृजेश यादव, प्रशांत सिंह राठौर, सूरज श्रीवास्तव और मणीन्द्र पाण्डेय शामिल हैं।
सामाजिक समीकरण पर भी जोर
नई टीम में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। 31 प्रदेश प्रवक्ताओं में 10 ब्राह्मण, 8 पिछड़े वर्ग, 4 दलित, 3 ठाकुर और 2 भूमिहार समुदाय से बताए गए हैं। पिछड़े वर्ग के आठ प्रवक्ताओं में तीन कुर्मी हैं। वहीं दलित समाज से प्रवक्ताओं की संख्या पहले के दो से बढ़ाकर चार की गई है।
अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष लालजी निर्मल को भी प्रवक्ता बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के करीबी माने जाने वाले आलोक वर्मा और प्रशान्त उमराव को भी नई सूची में जगह मिली है। पार्टी की ओर से अलग-अलग वर्गों से प्रवक्ता बनाए जाने के पीछे मीडिया में संबंधित समुदायों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखने की जरूरत को प्रमुख कारण बताया गया है।
कुछ पुराने चेहरों की जगह नए नाम
नई सूची में मौजूदा प्रवक्ताओं में से आलोक अवस्थी, प्रशांत वशिष्ठ और हरिश्चंद्र श्रीवास्तव को जगह नहीं मिली है। वहीं दिलीप श्रीवास्तव को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। दिलीप श्रीवास्तव को पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन का विरोधी बताया गया है और 2021 में दोनों के बीच विरोध की बात सामने आई थी।
पूर्व विधायक रवि सोनकर को मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी मिली है। वह लंबे समय से भाजपा की प्रदेश टीम या अनुसूचित जाति मोर्चा में जिम्मेदारी मिलने की कोशिश कर रहे थे। अब उन्हें मीडिया विभाग में भूमिका दी गई है।
पहली बार ‘मीडिया वॉच’ टीम का गठन
भाजपा ने पहली बार मीडिया वॉच टीम भी बनाई है। इसकी जिम्मेदारी दिवस चतुर्वेदी को दी गई है, जबकि मनोज त्रिवेदी उनके साथ काम करेंगे। दिवस चतुर्वेदी ने 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान मीडिया प्रबंधन का काम संभाला था। नई जिम्मेदारी के तहत भाजपा, योगी सरकार और RSS से संबंधित खबरों की निगरानी, विपक्ष के आरोपों पर जवाब तैयार कराने और मीडिया के सामने पार्टी का पक्ष रखने की भूमिका तय की गई है।
नई टीम के गठन के बाद जल्द ही प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया टीम के पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी चुनाव के दौरान मीडिया टीम की भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर पदाधिकारियों को जानकारी देंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।