दिल्लीवासियों के लिए जलबोर्ड ने दी बड़ी राहत,अब पहले कनेक्शन बाद में होगी जांच

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 October 2026): दिल्लीवासियों के लिए पानी का नया कनेक्शन लेना जल्द आसान हो सकता है। दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Jal Board) ने 14 साल पुराने दिल्ली वॉटर एंड सीवर रेगुलेशन-2012 में बदलाव की तैयारी की है। इसके लिए दिल्ली वॉटर एंड सीवर (टैरिफ एंड मीटरिंग) रेगुलेशन-2026 का नया मसौदा तैयार किया गया है। प्रस्तावित व्यवस्था में पानी का कनेक्शन देने की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने पर जोर दिया गया है। खास बात यह है कि नए रेगुलेशन में पानी की दरों, टैरिफ चार्ज या आवेदन शुल्क में बदलाव प्रस्तावित नहीं है।

मौजूदा व्यवस्था में नए पानी के कनेक्शन के लिए लोगों को करीब 40 से 50 दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है। आवेदन और शुल्क जमा करने के बाद जूनियर इंजीनियर को 7 से 15 दिनों के भीतर साइट का निरीक्षण करना होता है। इसके बाद जगह उपयुक्त पाए जाने पर 3 से 5 दिनों में डिमांड नोट जारी होता है और भुगतान के बाद अगले 15 से 30 दिनों में कनेक्शन चालू किया जाता है। प्रस्तावित नए नियमों में इस पूरी प्रक्रिया को बदलकर पहले कनेक्शन और उसके बाद साइट निरीक्षण का प्रावधान किया जा रहा है।

नए रेगुलेशन में एक और बड़ा बदलाव रिहायशी इमारतों में पानी के कनेक्शन की संख्या को लेकर है। वर्ष 2012 के नियमों के तहत किसी रिहायशी बिल्डिंग में अधिकतम छह पानी के कनेक्शन दिए जा सकते थे। अब प्रस्तावित व्यवस्था में यदि किसी इमारत में 20 या 30 फ्लैट हैं तो सभी फ्लैटों को अलग-अलग कनेक्शन देने का प्रावधान होगा। इसके लिए शर्त रखी गई है कि संबंधित प्रत्येक फ्लैट में किचन होना जरूरी होगा।

दस्तावेजों की प्रक्रिया भी आसान किए जाने का प्रस्ताव है। फिलहाल आवेदक को पहचान पत्र के साथ संपत्ति के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज, प्रॉपर्टी टैक्स रसीद, बिजली बिल या अन्य पते का प्रमाण समेत कई कागजात देने पड़ते हैं। किराएदारों के लिए मकान मालिक की एनओसी और रेंट एग्रीमेंट जैसी अतिरिक्त औपचारिकताएं भी होती हैं। नए रेगुलेशन के मुताबिक आधार कार्ड या पैन कार्ड जैसे दस्तावेजों के आधार पर कनेक्शन देने की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है।

इस बदलाव का उद्देश्य पानी के कनेक्शन की प्रक्रिया को कम समय लेने वाली और कम कागजी कार्रवाई वाली बनाना है। प्रस्तावित दिल्ली वॉटर एंड सीवर (टैरिफ एंड मीटरिंग) रेगुलेशन-2026 लागू होने के बाद नए कनेक्शन के लिए लोगों को जल बोर्ड के कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि, नए नियमों के अंतिम रूप और लागू होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नई व्यवस्था किस तारीख से प्रभावी होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।