Uttar Pardesh News (02 October 2026): बहुजन समाज पार्टी (Bahujan samaj Party) से निष्कासन के बाद आकाश आनंद (Akash Anand) ने मायावती (Mayawati) को पत्र लिखकर माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया (Social Media) प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि वह अपने बारे में चल रही अटकलों पर विराम लगाना चाहते हैं और किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे। आकाश आनंद ने मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु, प्रेरणा और ‘बुआ मां’ बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में जो कुछ भी सीखा है, वह उनके मार्गदर्शन में ही सीखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि परिवार है और वह हमेशा पार्टी के साथ रहेंगे।
आकाश आनंद ने अपने संदेश में कहा कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह न आज और न ही भविष्य में किसी दूसरे राजनीतिक दल में जाएंगे। उनके मुताबिक, बसपा के साथ उनका जुड़ाव केवल राजनीतिक नहीं है। उन्होंने पार्टी और उसके मिशन को अपने लिए प्राथमिकता बताते हुए कहा कि व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर संगठन और आंदोलन का हित रखना उनकी जिम्मेदारी है।
आकाश आनंद ने अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ (Ashoka Sidharth) को पार्टी से बाहर करने और उनके संन्यास से जुड़े मायावती के फैसले को भी पूरी तरह उचित बताया। उन्होंने कहा कि वह इस निर्णय के साथ खड़े हैं और रिश्ते अपनी जगह हैं, लेकिन मिशन उनसे बड़ा है। साथ ही उन्होंने मायावती से क्षमा मांगते हुए कहा कि वह केवल उनके नेतृत्व में दोबारा पार्टी और मिशन की सेवा करने का अवसर चाहते हैं। आकाश ने यह भी कहा कि विश्वास केवल शब्दों से नहीं, बल्कि काम से बनता है और वह अपने आचरण तथा मेहनत के जरिए इसे साबित करना चाहते हैं।
अपने संदेश के अंत में आकाश आनंद ने अपनी राजनीतिक दिशा को स्पष्ट करते हुए कहा कि बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर साहेब का रास्ता और मायावती का नेतृत्व ही उनकी राजनीति है। उन्होंने मायावती से दोबारा बसपा और उसके मिशन की सेवा का अवसर देने की अपील की। आकाश आनंद के इस संदेश में पार्टी से निष्कासन के बाद उनके रुख और भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश दिखाई देती है।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।