जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिला कोषागार का किया निरीक्षण, पेंशनरों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (01/10/2026): जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गुरुवार को जिला कोषागार का निरीक्षण कर वहां संचालित पेंशन संबंधी व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के साथ-साथ कोषागार के रिकॉर्ड और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने जिलाधिकारी को कोषागार की कार्यप्रणाली, पेंशन से जुड़े कार्यों और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने पेंशनरों के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क और लाउंज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बैठने की सुविधा, एसी, पेयजल और पेंशन संबंधी कार्यों के निस्तारण की प्रक्रिया को देखा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशनरों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें सुविधाजनक एवं व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पेंशन संबंधी मामलों के निस्तारण में सहूलियत और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कोषागार की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने डबल लॉक सिस्टम, महत्वपूर्ण अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी ली। साथ ही कोषागार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और साफ-सफाई की स्थिति भी देखी। निरीक्षण के दौरान संबंधित व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी ने कोषागार की व्यवस्थाओं को नियमित रूप से व्यवस्थित रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।