यमुना सफाई को लेकर बीजेपी का बड़ा अभियान, हर्ष मल्होत्रा बोले- 2029 से पहले यमुना को करेंगे निर्मल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (01 October 2026): दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने यमुना की स्वच्छता को लेकर बड़ा अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंनेदिल्ली विश्विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि ‘क्लीन गंगा’ का अर्थ केवल गंगा नदी की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सभी जीवनदायिनी नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाना इसका उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने यमुना का उदाहरण देते हुए कहा कि यमुनोत्री से निकलने के बाद उत्तराखंड से लेकर हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक पहुंचते-पहुंचते नदी की स्थिति खराब होती जाती है। दिल्ली में यमुना करीब 33 किलोमीटर का सफर तय करती है।
हर्ष मल्होत्रा ने पिछली दिल्ली सरकार पर यमुना को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने यमुना को भी वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और सफाई के नाम पर मिली धनराशि का अपेक्षित परिणाम जमीन पर दिखाई नहीं दिया। मल्होत्रा ने दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से यमुना की सफाई के लिए करीब 3,500 करोड़ रुपये दिए गए थे, लेकिन उनके मुताबिक यह राशि पोस्टर और होर्डिंग तक सीमित रह गई तथा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।
दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने के बाद यमुना की सफाई और शहर से कूड़े के पहाड़ हटाने को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किए जाने की बात करते हुए मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिले फंड के साथ दिल्ली सरकार ने भी इस दिशा में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया है। यमुना में गिरने वाले गंदे नालों को रोकने के लिए इंटरसेप्टर और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े काम शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 22 स्थानों में से 12 जगहों पर इंटरसेप्टर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण शुरू हो चुका है।
हर्ष मल्होत्रा ने दावा किया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य 2029 से पहले यमुना को साफ, स्वच्छ और निर्मल बनाना है। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें दिल्ली के नागरिकों और युवाओं की भी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से ‘यमुना प्रहरी’ के रूप में अभियान से जुड़ने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से देशभर में सेवा अभियान चलाया जा रहा है और इसी क्रम में 18 अक्टूबर को दिल्ली में यमुना स्वच्छता अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत पार्टी के कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल होंगे। मल्होत्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय और अन्य विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले युवाओं से भी अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग ‘यमुना प्रहरी’ पोर्टल पर पंजीकरण कर यमुना की स्वच्छता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।