New Delhi News (29 September 2026): दिल्ली में अपनी संपत्ति या किसी जमीन के लैंड यूज और जोनिंग की जानकारी हासिल करने के लिए अब लोगों को DDA के दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने मास्टर प्लान फॉर दिल्ली-2047 के तहत पूरे लैंड यूज प्लान को GIS आधारित इंटरैक्टिव डिजिटल मैप के रूप में ऑनलाइन उपलब्ध कराया है। यह सुविधा उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के तहत शुरू की गई है। इसके जरिए नागरिक घर बैठे किसी इलाके, प्लॉट या संपत्ति की लोकेशन से जुड़ी योजना संबंधी जानकारी देख सकेंगे।
यह डिजिटल मैप DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘मास्टर प्लान फॉर दिल्ली-2047’ सेक्शन में उपलब्ध है। इसमें उपयोगकर्ता किसी खास स्थान या क्षेत्र को सर्च करके यह पता लगा सकते हैं कि संबंधित जमीन किस लैंड यूज श्रेणी में आती है। पुराने 2D नक्शों की तुलना में इस प्लेटफॉर्म पर काफी अधिक स्तर तक ज़ूम किया जा सकता है, जिससे प्लॉट और आसपास के क्षेत्र की स्थिति को अधिक स्पष्ट तरीके से देखा जा सकेगा। DDA के मुताबिक, इस सुविधा से प्रॉपर्टी मालिकों के अलावा प्लानर्स, डेवलपर्स और अन्य हितधारकों को भी योजना संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
डिजिटल मैप में अलग-अलग योजनाओं और विकास क्षेत्रों की जानकारी को थीमैटिक लेयर्स के रूप में जोड़ा गया है। इनमें लैंड पूलिंग एरिया, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट जोन, द्वारका सब-सिटी और रोहिणी प्रोजेक्ट लेआउट, PM-UDAY कॉलोनियां, DDA पार्क सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा जमीन के इस्तेमाल को समझने के लिए नौ प्रमुख लैंड यूज श्रेणियों को अलग-अलग रंगों से दर्शाया गया है। इनमें आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक, मनोरंजन एवं हरित क्षेत्र, परिवहन, उपयोगिता सेवाएं, सरकारी, सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक सुविधाएं, कृषि और जल निकाय शामिल हैं।
इस प्लेटफॉर्म पर केवल नक्शा देखने की सुविधा ही नहीं है, बल्कि कई उपयोगी डिजिटल टूल भी उपलब्ध कराए गए हैं। उपयोगकर्ता मेजरमेंट टूल के जरिए किसी सड़क, प्लॉट या क्षेत्र की दूरी और आयाम माप सकते हैं। इसके अलावा मैप पर जरूरत के अनुसार निशान या स्केच बनाकर निजी संदर्भ और विश्लेषण के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे जमीन और शहरी नियोजन से जुड़ी जानकारी को समझने और उसका अध्ययन करने में नागरिकों तथा विशेषज्ञों को मदद मिल सकती है।
DDA के अनुसार यह डिजिटल मैप एक डायनेमिक प्लेटफॉर्म है, यानी नए और अपडेटेड डेटा उपलब्ध होने पर इसमें बदलाव किए जा सकेंगे। इसका उद्देश्य दिल्ली की बदलती भौगोलिक परिस्थितियों और विकास संबंधी जरूरतों के अनुरूप योजना संबंधी जानकारी को अधिक सुलभ और प्रासंगिक बनाए रखना है। DDA की इस पहल को डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता और Ease of Doing Business से भी जोड़ा जा रहा है। साथ ही, यह प्लेटफॉर्म AMRUT मिशन और PM गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत विभिन्न क्षेत्रों और एजेंसियों से जुड़े डेटा के एकीकरण में भी उपयोगी आधार प्रदान कर सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।