UPITS 2026: 10-15 लाख लोगों की भागीदारी और 20 हजार करोड़ रुपये का B2B कारोबार | केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (29 September 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का मंगलवार को समापन हुआ। 25 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से ट्रेड शो का उद्घाटन किया था। आयोजन के अंतिम दिन केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने मीडिया से बातचीत में ट्रेड शो की सफलता और उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने पांच दिनों में 10 से 15 लाख लोगों के पहुंचने को आयोजन की बड़ी सफलता बताया।
गिरिराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो अपने चौथे वर्ष में पहुंच चुका है। इस आयोजन में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री सहित कई प्रमुख हस्तियों की सहभागिता रही है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर लोगों की भागीदारी और कारोबार होना उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पांच दिनों में 20 हजार करोड़ रुपये का B2B कारोबार
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पांच दिनों के दौरान ट्रेड शो में करीब 10 से 15 लाख लोगों की आमद हुई, जबकि लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का B2B कारोबार हुआ। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के व्यापार और उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनके अनुसार, इस आयोजन से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे।
ODOP और स्थानीय व्यंजनों को मिला मंच
गिरिराज सिंह ने एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका लाभ गांवों और जिलों तक पहुंचेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के 75 पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित करने के लिए लगाए गए स्टॉल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल को देखकर लोग काफी खुश हुए और इससे प्रदेश की खानपान संबंधी विविधता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
उत्तर प्रदेश के निर्यात में बढ़ोतरी का किया जिक्र
केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने उत्तर प्रदेश के निर्यात में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का निर्यात अब दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल की तुलना में करीब तीन गुना है। उन्होंने प्रदेश में औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा और लड़ाकू विमान से जुड़े उद्योगों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है।
गिरिराज सिंह के अनुसार, UPITS 2026 ने प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और औद्योगिक क्षमताओं को व्यापक मंच प्रदान किया है। पांच दिनों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी और कारोबार के आंकड़ों को उन्होंने आयोजन की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।