National News (28 September 2026): बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। सोमवार से शुरू होने वाली प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को टाल दिया गया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया। ऐसे में सोमवार से देशभर में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए किसी बड़ी बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हड़ताल का आह्वान UFBU की ओर से किया गया था। बैंक यूनियनें अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में थीं, जिसमें पांच दिन का बैंकिंग वीक लागू करना प्रमुख मांग है। इसके तहत शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश दिए जाने की मांग की जा रही है। यूनियनों का कहना है कि लंबे समय से इन मांगों और पूर्व में हुए समझौते से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।
27 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे IBA के साथ बैठक के बाद UFBU ने सर्कुलर जारी कर हड़ताल और प्रस्तावित आंदोलनकारी कार्यक्रम को टालने की घोषणा की। बातचीत में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का मुद्दा भी उठा। दोनों पक्षों के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि यूनियनों और बैंक एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए IBA सरकार के समक्ष बदलाव का प्रस्ताव रख सकता है।
सर्कुलर के मुताबिक, 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी। UFBU ने कहा कि एक समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा कर ऐसा समाधान तलाशेगी, जो हितधारकों और खास तौर पर बैंक ग्राहकों के लिए स्वीकार्य हो। इसी बातचीत और आश्वासन के बाद यूनियनों ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई।
बैंक यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, पांच दिन का बैंकिंग वीक लागू करना और नई PLI योजना से जुड़ी आपत्तियों का समाधान उनकी प्रमुख चिंताओं में शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के बैंक यूनियन प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा ने कहा कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का ग्राहकों को परेशान करने का कोई इरादा नहीं है और वे निर्बाध बैंकिंग सेवाओं के महत्व को समझते हैं। हालांकि, उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों और समझौते में किए गए वादों के समाधान के लिए यूनियनों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। फिलहाल हड़ताल टलने के बाद सोमवार से बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।