नई दिल्ली (17 फरवरी, 2025): दिल्ली की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी की नेता और कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने सवाल किया कि दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन और कब बनेगा? इस पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने करारा जवाब देते हुए कहा कि आतिशी खुद कुर्सी पर रहकर भी सीएम नहीं बन पाईं।
“आप कुर्सी पर रहकर भी सीएम नहीं बनीं”
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के पास अब कुछ बचा नहीं है कहने के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आतिशी को उनकी ही पार्टी के नेता उन्हें नेता प्रतिपक्ष मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, “झूठ बोलना और अनर्गल बयान देना आपके स्वभाव में है। आपकी पार्टी में ही कई सीनियर विधायक हैं, जो आपको नेता मानने के लिए तैयार नहीं हैं।”
“जब केजरीवाल जेल में थे, तब क्यों नहीं पूछा था?”
सचदेवा ने आगे कहा कि जब अरविंद केजरीवाल जेल में थे, तब आतिशी ने यह सवाल क्यों नहीं उठाया कि मुख्यमंत्री कौन है? उन्होंने कहा कि केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे और आम आदमी पार्टी की सरकार पांच महीने तक बिना मुख्यमंत्री के ही चलती रही थी।
“बीजेपी जल्द करेगी मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा”
सचदेवा ने कहा कि बीजेपी जल्द ही मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेगी और सरकार का गठन होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता फिलहाल सत्ता से बाहर होने के कारण परेशान हैं, लेकिन जब बीजेपी सरकार बनेगी, तो उन्हें सोचने का भी समय नहीं मिलेगा।
“हमारी जवाबदेही दिल्ली की जनता के प्रति”
बीजेपी नेता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पार्टी आम आदमी पार्टी की अनर्गल बातों पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दे रही है, क्योंकि वे हताश लोग हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की जवाबदेही दिल्ली की जनता के प्रति है और पार्टी को उनके सवालों का जवाब देना है, न कि आम आदमी पार्टी के निराधार आरोपों का।
दिल्ली की राजनीति में इस बयानबाजी से माहौल गरमा गया है। अब सबकी निगाहें बीजेपी पर टिकी हैं कि आखिर वह कब अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा करती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।