अशोक सिंहल की जन्मशताब्दी का उद्घाटन, अमित शाह बोले- त्याग, सादगी और राष्ट्रभक्ति का संगम था उनका जीवन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (27 September 2026): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को नई दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय अशोक सिंहल जी की जयंती के अवसर पर आयोजित जन्मशताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अमित शाह ने अशोक सिंहल के जीवन को त्याग, सादगी, उत्कृष्ट राष्ट्रभक्ति, धर्मनिष्ठा, स्वयंसेवकत्व और संघर्ष का संगम बताया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल जीवन के हर पड़ाव पर श्रेष्ठ रहे। विद्यार्थी, स्वयंसेवक और प्रचारक से लेकर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष तक उन्होंने अंतिम सांस तक हिंदुत्व के प्रति समर्पित जीवन जिया।

*सादगी और राष्ट्रभक्ति की मिसाल थे अशोक सिंहल*

गृह मंत्री ने कहा कि अशोक सिंहल का जन्म एक समृद्ध और प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था, लेकिन इसके बावजूद उनकी सादगी जीवनभर कायम रही। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के कार्यालय के एक छोटे से कक्ष में करीब 20 वर्ष बिताए। श्री शाह ने कहा कि वह कक्ष आज कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का केंद्र है।

उन्होंने कहा कि अधिक आयु हो जाने के बाद भी अशोक सिंहल 16-16 घंटे तक कार्य करते थे और उनकी प्रेरणा उत्कृष्ट राष्ट्रभक्ति थी। हिंदू धर्म, वेद, उपनिषद, संस्कृति और संत परंपरा के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान था तथा वे जीवनभर इनके लिए समर्पित रहे।

*राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ा रहा जीवन*

अमित शाह ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन अशोक सिंहल के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा था। वे मानते थे कि भारत का विश्व में गौरवमय स्थान तभी संभव है, जब गुलामी के कालखंड के चिह्नों को हटाकर भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाए।

उन्होंने आंदोलन के दौरान अशोक सिंहल के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सरकार के लाठीचार्ज के दौरान वे भेष बदलकर मोर्चे पर पहुंचे थे और घायल भी हुए थे। गृह मंत्री शाह ने कहा कि अशोक सिंहल का जीवन युवाओं को निष्ठा और संघर्ष की प्रेरणा देता है।

*‘अशोक जी स्वयं एक संस्था थे’*

अमित शाह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद, संत परंपरा, राम जन्मभूमि आंदोलन, मंदिर निर्माण और संघ अशोक सिंहल के जीवन के प्रमुख विषय रहे। उन्होंने कहा कि इन सभी से उनका गहरा जुड़ाव था और वे स्वयं एक संस्था के समान थे।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल के व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में कोई भेद नहीं था। उन्होंने देश के लिए जीने के मंत्र को आत्मसात किया और अपने निजी जीवन को उसी में विलीन कर दिया। संगठन के कार्य को उन्होंने साधना के रूप में स्वीकार किया।

*युवाओं तक पहुंचना चाहिए महापुरुषों का जीवन*

गृह मंत्री ने कहा कि जब कोई समाज अपने नायकों को भूल जाता है और उनके जीवन तथा विचारों को नई पीढ़ी तक नहीं पहुंचाता, तब वैचारिक शून्य पैदा होता है। ऐसे में युवाओं को आदर्श, दिशा और प्रेरणा की तलाश रहती है।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल की जन्मशताब्दी उनके जीवन, विचारों, कृतित्व और त्याग को घर-घर तथा विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने जन्मशताब्दी को समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बताया।

*11 श्रीराम स्तंभों का डिजिटल लोकार्पण*

कार्यक्रम के दौरान 11 श्रीराम स्तंभों का डिजिटल लोकार्पण भी किया गया। अमित शाह ने कहा कि ये स्तंभ मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के वनगमन मार्ग की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में रविदास जी और वाल्मीकि मंदिर में पूजन, प्रयागराज में गंगा आरती, गंगा संरक्षण, गौसेवा, रामसेतु आंदोलन की स्मृति तथा अयोध्या में कृत्रिम अंगदान जैसे सेवा प्रकल्पों की प्रस्तुति भी की गई।

*राम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि*

अमित शाह ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए लंबे समय तक संघर्ष करने वाले अशोक सिंहल भूमि पूजन और मंदिर निर्माण पूर्ण होने के साक्षी नहीं बन सके। उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल व्यक्तिगत रूप से अपने जीवन की सिद्धि देखने के लिए कार्य नहीं करते थे, बल्कि इसे पीढ़ियों का संघर्ष मानते थे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद सरकारों की दिशा बदली और उनके अनुसार पांच वर्षों में सभी रुकावटें दूर हुईं तथा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि यह विश्वभर के रामभक्तों के लिए शांति और संतोष का विषय है।

अमित शाह ने कामना की कि आने वाली पीढ़ियों तक अशोक सिंहल के व्यक्तित्व, जीवन, कृतित्व और विचार युवाओं को संस्कार एवं प्रेरणा देते रहें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।