महिला सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस का बड़ा सुरक्षा अभियान, 800 महिला पुलिसकर्मी मैदान में
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (27 September 2026): आस्था कुंज पार्क में 21 सितंबर की रात नाबालिग से गैंगरेप की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। शाम से देर रात तक पार्कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस की विभिन्न यूनिटों में तैनात करीब 700 से 800 महिला पुलिसकर्मियों को भी अलग-अलग जिलों में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां उन्हें नियमित पेट्रोलिंग टीमों में शामिल किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रोजाना शाम करीब 5:30 बजे से रात 11:30 बजे तक सघन गश्त की जा रही है। वहीं, संवेदनशील माने जाने वाले कुछ पार्कों में 24 घंटे निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की दो-दो कंपनियां भी उपलब्ध कराई गई हैं। इन जवानों को स्थानीय पुलिस के साथ पार्कों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने शुक्रवार रात दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों का औचक निरीक्षण किया। वह अंबेडकर नगर क्षेत्र के जहांपनाह पार्क और हौज खास स्थित डियर पार्क पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इससे पहले मंगलवार रात उन्होंने स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर के साथ आस्था कुंज पार्क का भी दौरा किया था। निरीक्षण के दौरान संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में पैदल गश्त के साथ बाइक पेट्रोलिंग पर भी जोर दिया है। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद पुलिस का यह अभियान खासतौर पर शाम और रात के समय सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर केंद्रित है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के जरिए सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।