धूममानिकपुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 21 दमकल वाहनों ने चार घंटे में पाया काबू

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/09/2026): बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के धूममानिकपुर गांव स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बृहस्पतिवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 21 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, धूममानिकपुर गांव में ओमप्रकाश, धर्मराज, प्रवीण कुमार त्यागी और त्रिलोक सिंह मोहर की साझेदारी में केमिकल बनाने की फैक्ट्री संचालित है। बृहस्पतिवार रात करीब 2:45 बजे अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे परिसर में धुएं का गुबार फैल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने से पहले रात में धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी थी।

घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के विभिन्न दमकल केंद्रों के साथ गाजियाबाद से भी दमकल वाहन बुलाए गए।

कुल 21 दमकल वाहनों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने करीब चार घंटे तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये के कच्चे माल और मशीनरी के जलने की बात सामने आई है। फिलहाल फैक्ट्री में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर फैक्ट्री को सील कर दिया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

बादलपुर कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस आग लगने के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।