दिल्ली एयरपोर्ट पर संयुक्त काउंटर टेररिस्ट मॉक ड्रिल, CISF समेत कई एजेंसियों ने परखी तैयारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (26 September 2026): दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को संयुक्त काउंटर टेररिस्ट मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर किसी आतंकी या अन्य गंभीर संकट की स्थिति में वास्तविक समय पर प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करना और उभरते खतरों से निपटने के लिए ऑपरेशनल तैयारियों को बेहतर बनाना था। अभ्यास के दौरान संबंधित एजेंसियों ने आपात स्थिति में अपनी भूमिका और प्रतिक्रिया तंत्र का परीक्षण किया।

इस संयुक्त अभ्यास में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के साथ दिल्ली पुलिस, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG), बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), सेंट्रल इंडस्ट्रियल इंटेलिजेंस एंड विजिलेंस (CIW), दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL), RAXA, दिल्ली पुलिस एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (DP ATS), मेदांता, दिल्ली फायर सर्विस, CATS, BCAS और एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग समेत अन्य एजेंसियों ने हिस्सा लिया।

अभ्यास का मुख्य मकसद काउंटर टेररिस्ट स्थिति से निपटने में विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों और आपसी तालमेल को परखना था। CISF के मुताबिक, इस तरह की एक्सरसाइज से वास्तविक संकट के दौरान एजेंसियों के बीच त्वरित और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। अभ्यास के बाद मजबूत एविएशन सिक्योरिटी, बेहतर इंटर-एजेंसी तालमेल और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं को बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

वहीं, इससे एक दिन पहले CISF ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों पर पड़ने वाले दबाव और ऑक्यूपेशनल स्ट्रेस से निपटने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज (IHBAS) के साथ तीन साल के समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत खास तौर पर संसद भवन परिसर जैसे हाई-सिक्योरिटी डिप्लॉयमेंट के लिए तैनात किए जाने वाले CISF कर्मियों के विशेष साइकोमेट्रिक असेसमेंट किए जाएंगे।

MoU के तहत मेडिकल, सुपरवाइजरी और सब-ऑफिसर स्तर के अधिकारियों को शुरुआती व्यवहारिक बदलाव, गंभीर तनाव और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों की पहचान करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर CISF कर्मियों को IHBAS की OPD और IPD सुविधाओं के जरिए काउंसलिंग और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा IHBAS ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स कार्यक्रम भी चलाएगा, जबकि CISF ने बताया कि राष्ट्रीय Tele-MANAS हेल्पलाइन 14416 के बारे में जागरूकता और जरूरतमंद कर्मियों तक तत्काल सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।