UPITS 2026 का शुभारंभ: अमित शाह बोले- उत्तर प्रदेश निवेश का केंद्र और देश के विकास का इंजन बन रहा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/09/2026): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव (UPITS) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले 25 सितंबर के दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Make in India मिशन की घोषणा की थी। आज का कार्यक्रम Make in India के रास्ते को प्रशस्त करने वाला कार्यक्रम है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों ने मिलकर भारत को दुनिया में उत्पादन, डिजाइन और नवाचार का केंद्र बनाने का काम किया है।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि 12 साल पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को Fragile 5 में गिना जाता था और आज भारतीय अर्थतंत्र की गणना Top 5 में होती है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की Make in India नीति का परिणाम बताया।

UPITS 2026

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती का किया उल्लेख

अमित शाह ने कहा कि 25 सितंबर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की 110वीं जन्म जयंती है। दीनदयाल उपाध्याय जी ने आजादी के बाद देश के सामने पहली बार मुक्त व्यापार और मुक्त खेती-आधारित आर्थिक नीति रखी। यही आर्थिक नीति पहले अटल बिहारी वाजपेयी और बाद में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास का आधार बनी। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने संगठन आधारित राजनीति की भी नींव डाली।

उत्तर प्रदेश निवेश का केंद्र और विकास का इंजन बन रहा: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त होकर निवेश का केंद्र और देश के विकास का इंजन बन रहा है। यह परिवर्तन डबल इंजन की सरकार के कारण हुआ है। इसी परिवर्तन के कारण उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि व्यापार मेले में दुनियाभर से आए खरीदार मौजूद हैं और इससे निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री में बड़ी बढ़ोतरी होने वाली है।

अमित शाह ने UPITS के चारों संस्करणों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले संस्करण में दुनिया को उत्तर प्रदेश में हुए परिवर्तन का परिचय मिला, दूसरे संस्करण में निवेशकों ने प्रदेश में आने का इरादा जताया, तीसरे संस्करण में निवेशक आए और अब चौथे संस्करण में वे राज्य के विकास में सहयोगी बनकर 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि 2025 का वर्ष प्रभाव का वर्ष था। उस वर्ष व्यापार मेले में 5 लाख से अधिक लोग आए, 2400 से ज्यादा MOU हुए, हजारों करोड़ रुपये का निवेश आया और व्यापार समझौते भी हुए। उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 का चौथा संस्करण 2025 के सभी रिकॉर्ड तोड़ने में सफल होगा।

UPITS 2026

कानून-व्यवस्था और औद्योगिक नीति से बना निवेश का माहौल

अमित शाह ने कहा कि लगभग 24 करोड़ आबादी के साथ उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। विपुल जल संपदा, भूमि, मेहनती कारीगर और अब उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण प्रदेश की ताकत हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफिया का शासन चलता था, लेकिन 2017 में भाजपा की सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी सरकार ने पूरे उत्तर प्रदेश में माफिया को समाप्त किया। इसी कारण आज प्रदेश में निवेश का माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि निवेश के माहौल की पहली शर्त अच्छा कानून-व्यवस्था तंत्र, अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का उत्साह है। आज ये चारों चीजें उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं।

भारत की आर्थिक वृद्धि का भी किया उल्लेख

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि कुछ लोग भारत के GDP के आंकड़ों को भी झुठलाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि Moody’s ने भारत की विकास दर का अनुमान 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है। जापान की प्रमुख रेटिंग एजेंसी JCR ने भारत की sovereign rating को BBB+ से upgrade कर A- तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि पिछली तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। उनके अनुसार, दुनिया के बड़े अर्थतंत्रों में भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है।

अमित शाह ने कहा कि दुनियाभर में उथल-पुथल और अशांति के माहौल के बीच अनेक बाधाओं के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को न केवल बनाए रखा, बल्कि आगे भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया है, उसे सिद्ध किया जाएगा।

UPITS 2026

इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 11 गुना वृद्धि का दावा

अमित शाह ने कहा कि भारत के इलेक्ट्रॉनिक निर्यात में 2015 की तुलना में 11 गुना वृद्धि हुई है। जुलाई में 2.11 लाख करोड़ रुपये का GST कलेक्शन हुआ, जो जुलाई माह का अब तक का सबसे ज्यादा कलेक्शन है।

उन्होंने बताया कि छह राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर परियोजनाएं हैं, जिनमें 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश है। वहीं, देश का capital expenditure रिकॉर्ड तोड़कर 12.2 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मॉरीशस, UAE, ऑस्ट्रिया, यूरोप के चार देशों के संगठन, UK, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए गए हैं। इन FTA से भारतीय उद्योगों की निर्यात संभावनाएं बढ़ी हैं।

डिफेंस कॉरिडोर से रक्षा उत्पादन को बढ़ावा

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में छह डिफेंस कॉरिडोर नोड्स पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के लिए निवेश आ रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि देशभर में रक्षा उत्पादों के विकास को बढ़ावा मिला है और भारत का रक्षा उत्पादन 1.78 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। वर्ष 2013-14 की तुलना में रक्षा उत्पादों के निर्यात में 56 गुना वृद्धि हुई है और आज 80 देशों को भारतीय रक्षा उत्पादों का निर्यात हो रहा है।

अमित शाह ने कहा कि इसमें उत्तर प्रदेश का बड़ा योगदान है। योगी सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर बनाने के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुकूल नीतियों और अन्य सुविधाओं के जरिए निवेश को बढ़ावा देने का काम किया है।

अपराध की जगह डिफेंस कॉरिडोर और मैन्युफैक्चरिंग: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में अपराध की इंडस्ट्री चल रही थी और राज्य कट्टा तथा अवैध तमंचों की इंडस्ट्री बन गया था। उन्होंने कहा कि आज कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर बना है, वाहन चोरी की जगह वाहन मैन्युफैक्चरिंग हो रही है और चेन स्नैचिंग उद्योग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश लाने का प्रमुख केंद्र बन रहा है और यह परिवर्तन डबल इंजन की सरकार के कारण आया है। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था के कारण 2013 में इन्वेस्टमेंट समिट दिल्ली में करनी पड़ी थी, वही आज 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य तय कर रहा है।

UPITS 2026

नोएडा एयरपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर का भी किया जिक्र

अमित शाह ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और कई प्रकार के इंफ्रास्ट्रक्चर के कामों ने राज्य में निवेश के लिए सहज माहौल बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है, जो देश के किसी भी राज्य में सबसे ज्यादा है। उन्होंने One District, One Product (ODOP) का भी उल्लेख किया और कहा कि पारंपरिक विधाओं तथा छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलने से युवाओं, छोटे उद्योगपतियों और small-scale industry में बड़ी बढ़ोतरी हुई है।

ODOP और ODOC से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश से लोग रोजगार के लिए देश के दूसरे राज्यों में जाते थे, जबकि आज ODOP के कारण प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने भदोही की दरी, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठ कला, कन्नौज का इत्र और बनारस की रेशमी साड़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उत्पादों ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि व्यापार मेले के दौरान One District, One Cuisine (ODOC) की वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया है। इसमें वाराणसी की मलईयो, तिरंगा बर्फी, आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा और मेरठ की गजक जैसे स्थानीय व्यंजनों को देशभर तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव से प्रदेश के उत्पादकों को व्यापार और उत्पादन बढ़ाने तथा दुनियाभर में उत्तर प्रदेश की पहचान बनाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।