Delhi SIR में बड़े नामों का फील्ड वेरिफिकेशन पूरा, केजरीवाल समेत कई प्रमुख मतदाताओं के नाम जुड़ा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (25 September 2026): दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान नोटिस पाने वाले कई प्रमुख मतदाताओं के नाम फील्ड वेरिफिकेशन के बाद स्पष्ट हो गए हैं। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, बूथ लेवल अधिकारियों और चुनाव विभाग की टीमों ने संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनके दस्तावेजों और मतदाता विवरण का सत्यापन किया। सत्यापन के बाद इन नामों को अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।

नोटिस पाने वाले प्रमुख लोगों में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, विदेश मंत्री एस जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई प्रमुख नाम शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से ज्यादातर मामलों में 2002 की पिछली SIR मतदाता सूची से विवरण ‘मैप’ नहीं होने या मतदाता विवरण में विसंगति पाए जाने के कारण नोटिस जारी किए गए थे।

SIR के तहत न्यायपालिका, जनप्रतिनिधियों और संवैधानिक पदों पर रहने वाले लोगों के अलावा कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल और सार्वजनिक सेवा से जुड़े प्रमुख लोगों के मतदाता विवरण भी जांच के दायरे में आए। जिन मतदाताओं के नाम 31 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं मिले, उन्हें दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस भेजे गए थे। चुनाव आयोग के अनुसार, नोटिस जारी किया जाना अपने आप में मतदाता का नाम हटाए जाने का संकेत नहीं है।

दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 97 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि करीब 33.13 लाख मतदाताओं की गणना फॉर्म में किसी न किसी तरह की विसंगति मिलने के बाद उन्हें नोटिस के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की बताई गई है, जिनका विवरण 2002 की पिछली SIR सूची से मेल नहीं खा सका। चुनाव अधिकारियों ने ऐसे मामलों में दस्तावेजों और रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का अवसर देना जरूरी है और उसके बाद ही उचित कारणों के साथ आदेश पारित किया जा सकता है। ऐसे आदेश के खिलाफ अपील का भी प्रावधान है। दिल्ली के लिए चुनाव आयोग के मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जानी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।