UPITS 2026: 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में सजेगा ग्लोबल ट्रेड का मंच, 88 देशों के 604 खरीदार होंगे शामिल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/09/2026): उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। पांच दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, व्यापारिक और निर्यात क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना है। ट्रेड शो में ODOP, MSME, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, ऑटो एवं ईवी, हेल्थ एवं फार्मा समेत विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
इस वर्ष ट्रेड शो में 36,000 वर्गमीटर क्षेत्र में 2,400 प्रदर्शकों के लिए प्रदर्शनी की व्यवस्था की गई है। वहीं, 88 देशों से 604 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। ऑस्ट्रिया, बेलारूस, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम इस वर्ष के प्रमुख पार्टनर कंट्री हैं। विदेशी खरीदारों और प्रतिनिधिमंडलों के साथ वन-टू-वन मीटिंग, B2B बैठकें, कंट्री सेशन और सेक्टर आधारित राउंडटेबल आयोजित किए जाएंगे।
25 सितंबर को होगा भव्य उद्घाटन
ट्रेड शो के पहले दिन 25 सितंबर को उद्घाटन एवं प्लेनरी सेशन आयोजित किया जाएगा। छह पार्टनर देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ वन-टू-वन बैठकें और विदेशी खरीदारों के साथ संवाद होगा। इसके अलावा वियतनाम कंट्री सेशन, वियतनाम फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे।
टेक्नोलॉजी और बिजनेस पर रहेगा फोकस
26 सितंबर को टेक्नोलॉजी और बिजनेस पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, PM-JAY हेल्थ सर्विसेज, फार्मा एवं MedTech, रोड सेफ्टी तथा भारत के FTAs और ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ जैसे विषय शामिल हैं। इस दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य अतिथि होंगे।
MSME, ODOP और निर्यात पर विशेष जोर
27 सितंबर को MSME, ODOP और एक्सपोर्ट पर विशेष फोकस रहेगा। ई-कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केट एक्सेस, कारीगरों और SMEs के लिए माइक्रो ब्रांड बिल्डिंग, वुडक्राफ्ट मार्केट एक्सेस, फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी तथा SHG उत्पादों को ग्रामीण उद्यमों से जोड़ने जैसे विषयों पर कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही करियर काउंसलिंग और बिजनेस एक्सपो भी आयोजित किए जाएंगे।
28 सितंबर को गवर्नेंस, फाइनेंस और एक्सपोर्ट से जुड़े विषयों पर सत्र होंगे। इनमें इंश्योरेंस इंक्लूजन, UPEIDA एवं मैन्युफैक्चरिंग, वित्तीय अनुशासन एवं पारदर्शी सेवा वितरण, नए लेबर कोड, एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन तथा FPOs और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।
29 सितंबर को वालिडिक्टरी समारोह, MoU साइनिंग की घोषणाएं, प्रदर्शक पुरस्कार तथा अकादमिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ODOC के 155 स्टॉल, ‘स्वाद UP Food Zone’ भी आकर्षण
UPITS-2026 में ODOP, GI और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रदर्शन क्षेत्र बनाए गए हैं। ODOC Pavilion और Food Counters को भी प्रमुखता दी गई है। ODOC के तहत 155 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा ‘स्वाद UP Food Zone’ भी आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।
MSME, नए उद्यमियों, महिला उद्यमियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के लिए ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केट एक्सेस, ब्रांडिंग और बिजनेस नेटवर्किंग को भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है।

आगंतुकों की सुविधा के लिए 530 बसों की व्यवस्था
ट्रेड शो में आगंतुकों की सुविधा के लिए GNIDA की ओर से 530 बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेट्रो, टैक्सी और ऑटो सेवाओं का भी उपयोग किया जा सकेगा। विजिटर एंट्री के लिए गेट नंबर 3, 4, 5, 6, 7 और 8 निर्धारित किए गए हैं। VIP पार्किंग के लिए गेट नंबर 1, जबकि अन्य पार्किंग के लिए गेट नंबर 9, 12 और NSSTA पार्किंग प्रस्तावित है।
आयोजन स्थल पर साइनेज, CCTV, PA सिस्टम और कंट्रोल रूम के जरिए समन्वय की व्यवस्था की गई है।
डिजिटल माध्यमों से भी व्यापक प्रचार
ट्रेड शो के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न अथॉरिटीज और सरकारी उपक्रमों के माध्यम से अभियान चलाया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए 5 करोड़ से अधिक यूजर्स तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा सिनेमा हॉल, शैक्षणिक संस्थानों, RWAs, बसों, ऑटो, पेट्रोल पंप, एक्सप्रेसवे स्क्रीन और मेट्रो स्टेशनों पर भी प्रचार किया गया है।
कार्यक्रम की जानकारी और विभिन्न सुविधाओं के लिए UPITS 2026 मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।
सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था पर जोर
आयोजन के दौरान सिक्योरिटी एवं फायर सेफ्टी, मेडिकल कवर, हाइजीन एवं सैनिटेशन, दिव्यांगजनों के लिए एक्सेसिबिलिटी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सड़क एवं लाइटिंग, CCTV, PA सिस्टम, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी और फूड काउंटर जैसी व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं।
इन व्यवस्थाओं के लिए पुलिस कमिश्नरेट, जिला प्रशासन और संबंधित अथॉरिटीज के बीच समन्वय रखा जाएगा।
आयोजन के लिए 150 CM Fellows पांच दिनों तक दो शिफ्ट में तैनात रहेंगे। वहीं, 100 से अधिक Liaison Officers विदेशी खरीदारों एवं प्रतिनिधिमंडलों, नॉलेज सेशंस, गेस्ट फैसिलिटेशन और विभागीय समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
2025 में 72 देशों से पहुंचे थे 550 खरीदार
UPITS का आयोजन वर्ष 2023 से इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। वर्ष 2025 में ट्रेड शो में 72 देशों से 550 खरीदार पहुंचे थे और पांच लाख से अधिक B2B एवं B2C विजिटर्स ने भाग लिया था। इस वर्ष आयोजन को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश, निर्यात और नए उद्यमियों के लिए प्रमुख मंच के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी की गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।